झारखंड से भागलपुर लाई जा रही थी चांदी, बस चेकिंग में नाबालिग धराया; आयकर विभाग जांच में जुटा
जगदीशपुर बाईपास थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को 9 किलो 100 ग्राम चांदी की ईंट के साथ हिरासत में लिया।

झारखंड से भागलपुर लाई जा रही थी चांदी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नाबालिग से 9 किलो 100 ग्राम चांदी की ईंट जब्त।
चांदी झारखंड के साहिबगंज से भागलपुर लाई जा रही थी।
आयकर विभाग मामले की गहनता से जांच कर रहा है।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर। बाईपास थाना पुलिस ने शुक्रवार को नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक यात्री बस से 9 किलो 100 ग्राम चांदी की ईंट के साथ एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पुलिस बरामद चांदी के कागजात और नाबालिग के दावे की जांच कर रही है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दी गई है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में दिखे नाबालिग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। बैग से चांदी की ईंट बरामद हुई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह सोने-चांदी की आभूषण दुकान में काम करता है। उसके अनुसार, चांदी को झारखंड के साहिबगंज स्थित बरहेट से कटिंग और प्रोसेसिंग के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था।
खरीद-बिक्री और स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे
पुलिस ने बरामद चांदी के संबंध में खरीद-बिक्री और स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे हैं। भारी मात्रा में चांदी बरामद होने के बाद इसकी सूचना आयकर विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर आयकर विभाग के अधिकारी थाना पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि कागजातों के सत्यापन और आयकर विभाग की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
