'भाजपा कार्यकर्ता बरसाती मेंढक नहीं जो चुनाव देखकर काम करे', मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिया धन्यवाद
एनडीए प्रत्याशी को जीताने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया। ऐसे परिश्रमी कार्यकर्ताओं को समारोह आयोजित कर मंत्री ने धन्यवाद दिया है।
भागलपुर [जेएनएन]। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के कारण हम लोगों का दिल जीत रहे हैं। इसी पर काम करने का नतीजा है आज हमें लोकसभा चुनाव में 303 सीटें मिलीं। हमारा संस्कार ही हमारा परिचय है। भाजपा कार्यकर्ता बरसाती मेंढक नहीं जो चुनाव देखकर काम करे। हमारे कार्यकर्ता राष्ट्रहित के भाव से काम करते हैं, जो निरंतर चलने वाला काम होता है।
उक्त बातें स्वागत आभार सह जिला कार्ययोजना बैठक के दौरान सूबे के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामनारायण मंडल ने कही। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। जीत के लिए कार्यकर्ताओं ने अपनी जान तक की आहूति दी है।
लोकसभा प्रभारी कुमार प्रणय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिए गए लक्ष्य को भेदने में हम लोग सफल रहे। 51 फीसद मत प्राप्त करना हमारा लक्ष्य था, जिसको भागलपुर लोकसभा के कार्यकर्ताओं ने पूरा करके दिखाया। करीब दो वर्षों से हमलोग बूथ कमेटी बनाकर प्रत्येक बूथ पर भाजपा का झंडा मजबूत करने का काम किया था। उन्होंने 13 जून से 16 जून तक मंडल बैठक, 21 जून को योग दिवस, 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, 25 जून को आपातकाल का वर्षगांठ मनाने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला ने की। इस मौके पर उपमहापौर राजेश वर्मा, विधान पार्षद डॉ. एनके यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष नभय चौधरी, अभय बर्मन, डॉ. प्रीति शेखर, ललन पासवान ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर मंचासीन हुए व वंदे मातरम से कार्यक्रम की शुरुआत की। मंत्री ने लोकसभा चुनाव में लगे भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को अंग वस्त्र से सम्मानित कर उनका हौसला आफजाई की।
कार्यक्रम में विजय कुशवाहा, मुकेश सिंह, रोशन सिंह, शशिशंकर राय, सोनू घोष, प्रो किरण सिंह, आशा ओझा, आनंद शुक्ला, सरस्वती कुमार, प्यारे हिन्द आदि मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप