सैंडिस कंपाउंड में कुछ ही देर में राज्य सरकार के मंत्री करेंगे झंडोत्तोलन, ऐसा रहेगा जिले का कार्यक्रम Bhagalpur News
गणतंत्र दिवस के पर रविवार को जिले में कई समारोह होंगे। मुख्य समारोह सैंडिस कंपाउंड में होगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी यहां झंडोत्तोलन करेंगे।
भागलपुर, जेएनएन। गणतंत्र दिवस के पर रविवार को सैंडिस कंपाउंड में भवन निर्माण मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी अब से कुछ देर में तिरंगा झंडा फहराएंगे। प्रात: 6.45 बजे विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभातफेरी निकाली जाएगी। आठ बजे डीएम आवास पर झंडोत्तोलन होगा। 8.35 बजे एसएसपी सैंडिस कंपाउंड पहुंचेंगे। 8.40 बजे डीएम का आगमन होगा। 8.45 बजे डीआइजी और 8.50 बजे प्रमंडलीय आयुक्त का आगमन होगा। प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी का आगमन 8.55 बजे होगा। नौ बजे सैंडिस कंपाउंड में झंडोत्तोलन होगा। 9.45 बजे डीआइजी कार्यालय, 9.50 बजे प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में, दस बजे समाहरणालय परिसर में, 10.20 बजे अनुमंडल कार्यालय में झंडोत्तोलन होगा। 10.30 बजे जिला परिषद कार्यालय, 10.35 बजे एसएसपी कार्यालय, 10.50 बजे गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय, 11 बजे पुलिस लाइन, 11 बजे महादलित टोला में झंडोत्तोलन होगा। टाउन हॉल में संध्या छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों का चयन कर लिया गया है। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की झांकी भी निकाली जाएगी। इसकी भी तैयारी पूरी कर ली गई है।
आज रविवार को गणतंत्र दिवस पर जिले के सरकारी और निजी संस्थानों में शान से तिरंगा लहराएगा। शनिवार की शाम तक छोटे से लेकर बड़े झंडों की खूब खरीदारी हुई। गोड्डा, बांका, नवगछिया, मुंगेर, साहिबगंज और खगडिय़ा आदि जिलों में भी झंडे की आपूर्ति भागलपुर से हुई। थोक व्यापारी गोविंद प्रसाद ने बताया कि इस बार तिरंगे का कारोबार 20 लाख से ज्यादा की हुई है।
10 से लेकर एक हजार तक का तिरंगा
बाजार में 10 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के झंडे उपलब्ध हैं। वेरायटी चौक, खलीफाबाग चौक, स्टेशन चौक, तिलकामांझी, साहिबगंज, नाथनगर, सबौर, भीखनपुर समेत अन्य जगहों पर बड़े और छोटे तिरंगे उपलब्ध हैं। कागज से बने झंडे 10 से 20 रुपये में बिके।
इस बार मुख्य मंडी में नहीं दिखे प्लास्टिक के झंडे
प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के कारण इस बार शहर के मुख्य मंडी में प्लास्टिक वाले झंडे नहीं थे। वहीं, अलीगंज, भीखनपुर व कुछ अन्य जगहों पर कुछ दुकानदार प्लास्टिक से बने झंडे बेच रहे थे। लोहा पट्टी वाली गली में कई दुकानें तिरंगे झंडे, बैलून, रिस्ट बैंड सहित कई अन्य सामानों से पटा था।