लुटेरों की तलाश में पुलिस को मिली मिनी गन फैक्ट्री
लूट की घटना का उद्भेदन करने के दौरान शनिवार को पुलिस को मिनी गन फैक्ट्री मिल गई।
जेएनएन ,पूर्णिया । ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मी से लूट की घटना का उद्भेदन करने के दौरान शनिवार को पुलिस को मिनी गन फैक्ट्री मिल गई। वाकया बीकोठी थाना क्षेत्र के डुब्बा गांव का है। यहां से लूटे गए रुपये, अर्द्धनिर्मित हथियार व हथियार बनाने के कल-पुर्जे के अलावा कफ सीरप बरामद की गई। लूटकांड में शामिल तीन आरोपितों को भी इस दौरान गिरफ्तार किया गया।
मामले के भंडाफोड़ के उपरांत एसपी विशाल शर्मा ने बताया कि दो दिन पूर्व सीएसपी संचालक निरंजन कुमार झा से दो लाख रुपये की लूट हुई थी। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए सुखसेना कैलू टोला स्थित अर्जुन मंडल के घर में छापेमारी की गई। अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर से 86 हजार रुपये बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर उदय मंडल के पुत्र छोटू मंडल के घर छापेमारी की गई। यहां से भी दो लाख रुपये मिले। यहां से 100 एमएल की 60 बोतल कफ सीरप बरामद की गई। यहां पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी निशानदेही पर डुब्बा टोला स्थित बेचन मंडल के घर में छापेमारी की गई। यहां मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने यहां से गन फैक्ट्री का सामान, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा और 4400 रुपये जब्त किए। सूत्रों के अनुसार बेचन मंडल ऑर्डर पर हथियार बनाकर कई जगहों पर भेजता था। वह वर्षो से यह कारोबार कर रहा था। छापेमारी के दौरान बेचन मंडल पुलिस को चमका देकर फरार हो गया।