Move to Jagran APP

बिहार में बाढ़ का आफ्टर इफेक्‍ट: सीमांचल से फिर शुरू हुआ पलायन

बिहार में आयी बाढ़ के कारण करीब 500 लोगों की जान चली गई। अब बाढ़ का पानी उतर गया है लेकिन मुश्किलें बढ़ गई। रोजी-रोटी के चक्‍कर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से पलायन शुरू हो गया है।

By Ravi RanjanEdited By: Published: Thu, 31 Aug 2017 06:12 PM (IST)Updated: Thu, 31 Aug 2017 11:53 PM (IST)
बिहार में बाढ़ का आफ्टर इफेक्‍ट: सीमांचल से फिर शुरू हुआ पलायन
बिहार में बाढ़ का आफ्टर इफेक्‍ट: सीमांचल से फिर शुरू हुआ पलायन

पूर्णिया [मनोज कुमार]। सीमांचल में आई भीषण बाढ़ से एक बार फिर पलायन का सिलसिला तेज हो गया है। इलाके से पानी निकलने के बाद लोग घरों में व्यवस्थित होने की जुगत लगाए हुए हैं। विडंबना यह है कि इस संकट की घड़ी में घर-परिवार को छोड़कर लोगों को रोजगार के लिए परदेस जाना पड़ रहा है।

सीमांचल में आई बाढ़ में लोगों का सब कुछ तबाह हो गया। ना खेतों में फसल सलामत है और ना ही घरों में खाने को अनाज बचा है। महानंदा और परमान ने इस बार सीमांचल में कहर ढा दिया। 30 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए और हजारों एकड़ फसल पानी में बह गई।

घरों में जो अनाज लोग बुरे दिन के लिए अपनी कोठी (मिट्टी का बना गोदाम) में रखे हुए थे, बाढ़ के पानी में  बह गया। लोगों के पास ना घर है और ना ही अनाज। बाढ़ हर साल सीमांचल के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में हजारों लोगों की तकदीर पलट देती है।

जिंदगी भर की कमाई पल में डुबो कर चली जाती है। सूबे में रोजगार की कमी के कारण लोग परदेस में ही शरण लेते हैं। बुधवार की रात पूर्णिया जंक्शन पर सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन पकडऩे आए बायसी प्रखंड के चकला गांव के रहमान, अब्दुल, करीम, मुर्तजा, शाहिद आदि ने बताया कि घर में कुछ नहीं बचा है। अब्बू किसी तरह बांस-टाटी से घर खड़ा कर रहे हैं। घरवालों को अनाज मिल सके, इस कारण वे दिल्ली जा रहे हैं।

सीमांचल के जोगबनी, फारबिसगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार स्टेशनों पर दूसरे प्रांत जाने वाले मजदूरों की तादाद बाढ़ के बाद लगातार बढ़ रही है। इन्होंने बताया कि इनके कई रिश्तेदार भी काम की तलाश में बाहर जाएंगे। आनेवाले दिनों में पलायन की रफ्तार तेज ही होगी।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.