विधानसभा उपचुनाव : नाथनगर से टिकट के लिए कांग्रेस में कई दावेदार, जानिए... कौन-कौन नेता पाल रहे हैं ख्वाब Bhagalpur News
जदयू नेता अजय मंडल के भागलपुर से सांसद बनने के बाद नाथनगर विधानसभा सीट खाली हो गई। अजय मंडल नाथनगर विधानसभा से जदयू विधायक थे। अब नाथनगर विधानसभा में उपचुनाव होगा।
भागलपुर [जेएनएन]। कांग्रेस पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए, इस बाबत समन्वयक भाई कुंदन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई थी। बैठक में संगठन मजबूत करने की बात हवा-हवाई हो गई। वक्ता टिकट की दावेदारी करने लगे। दावेदारी के दरम्यान ही वक्ताओं ने यह भी कहा कि नाथनगर विधानसभा में होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी अकेले लड़े, राजद के साथ नहीं। हालांकि समन्वयक ने कहा कि पहले संगठन कैसे मजबूत हो इस पर भी तो चर्चा करें।
चुनाव में टिकट की दावेदारी करने वाले आधा दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी शामिल हैं। इनमें वैसे कांग्रेसी भी शामिल हैं जो चुनाव हार चुके हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाह अली सज्जाद ने कहा कि वे 14 वर्षों से पार्टी का कार्य कर रहे हैं। उन्हें चुनाव लडऩे का मौका मिलना चाहिए। वहीं, परवेज जमाल ने भी टिकट पर दावा किया। अनामिका शर्मा ने भी खुद को टिकट का दावेदार बताते हुए पार्टी के अकेले चुनाव लडऩे की वकालत की। निहालउद्दीन ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ता को टिकट मिलना चाहिए, विपिन बिहारी यादव और शंभू दयाल खेतान ने भी टिकट की दावेदारी के साथ ही नाथनगर से कांग्रेस पार्टी को चुनाव लडऩे की वकालत की। वहीं, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित साह ने कहा कि चुनाव में पिछड़े युवाओं को मौका देना चाहिए। महेश राय ने कहा कि किसानों के विकास के लिए पार्टी को आंदोलन करना चाहिए। डॉ. जर्नादन साह, संजय राणा, अंबर इमाम, प्रमोद मंडल, सियाराम दास आदि ने विचार रखे।
समन्वयक भाई कुंदन साह गुप्ता ने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष अगर पार्टी के प्रति समर्पित नहीं हैं तो दूसरे को मौका देना चाहिए। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की आवश्यकता है।