मनिहारी गंगा घाट से विस्थापितों की पदयात्रा शुरू
बाढ़-कटाव पीड़ित विस्थापितों की पदयात्रा शुरू हो गई है।
कटिहार(जेएनएन)। मनिहारी गंगा घाट से बाढ़-कटाव पीड़ित विस्थापितों की पदयात्रा शुरू हो गई है। पुनर्वास संघर्ष समिति के संस्थापक विक्टर झा के नेतृत्व में कारवां पूर्णिया के लिए रवाना हुआ।
पदयात्रा का पहला पड़ाव कटिहार शहर में है। गुरुवार को यात्रा पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त के कार्यालय पहुंचेगी। पदयात्रा में काफी महिलाएं भी शामिल हैं। हाथ में तिरंगा लिए विस्थापित आयुक्त से मिलकर अपना दर्द बयान करेंगे। विस्थापितों ने बताया कि वर्षो से वे सड़कों व बांधों के किनारे खानाबदोश की जिंदगी जी रहे हैं। पुनर्वास के नाम पर सिर्फ घोषणाएं हो रही हैं, धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है। प्रमंडलीय आयुक्त को बताया जाएगा कि उनके समक्ष करो या मरो की स्थिति है। विस्थापितों ने तीन महीने के अंदर मांगें पूरी नहीं होने पर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की धमकी दी है। इन्होंने यह भी कहा है कि चुनाव प्रचार के लिए किसी भी दल के नेता को विस्थापितों के गांव में प्रचार-प्रसार नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही चुनाव के दौरान सभी विस्थापित अपने-अपने घरों के आगे काला झंडा लगा लेंगे। पुनर्वास के अलावा गंगा-कोसी-महानंदा के कटाव व बाढ़ का स्थायी निदान इनकी प्रमुख मांगें हैं। इधर, पदयात्रा के मौके पर कदवा विधायक डॉ. शकील अहमद भी मनिहारी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वे विस्थापितों की इस लड़ाई में उनके साथ हैं। मालूम हो कि मनिहारी, अमदाबाद, प्राणपुर व बरारी सहित कई अन्य प्रखंडों में विस्थापितों की तादाद काफी है। गंगा, कोसी व महानंदा के कटाव से उनका सब कुछ छिन गया है। मौके पर आलमगीर, हारून रसीद, रामप्रसाद आदि मौजूद थे।