यूको बैंक की मैनेजर की सड़क दुर्घटना में मौत, पटना की थी रहने वाली Bhagalpur News
भागलपुर में हुए एक सड़क हादसे में यूको बैंक की मैनेजर की मौत हो गई। घटना बायपास रोड पर घटी है। वह पटना की रहने वाली थी।
भागलपुर, जेएनएन। शाहकुंड के पचरुखी यूको बैंक मैनेजर किरण कुमारी (29 वर्ष) की मुरारपुर बायपास के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है। किरण पटना के दानापुर, सगुना मोड़, प्रगति नगर, (हाईटेक हॉस्पिटल के समीप) की रहने वाली थी। इनके पिता स्व. लाल मोहन सिंह एयर फ़ोर्स में थे। किरण अपने साथी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी संजू कुमार के साथ अकबरनगर स्थित यूको बैंक जा रही थी।
संजू अकबरनगर ब्रांच में असिस्टेन्ट मैनेजर हैं। वहां से किरण ऑटो से शाहकुंड के पचरुखी जाने वाली थी। संजू के मुताबिक वे दोनों स्कूटी से सुबह 9.30 बजे के करीब बैंक के लिए निकले। वे लोग बायपास होकर अकबरनगर जाने वाले थे। बायपास पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने उनकी स्कूटी में बगल से टक्कर मार दी। दोनों बीच सड़क पर गिर गए। उसने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन किरण बिना हेलमेट की थी। सड़क पर गिरने के बाद किरण बेहोश हो गयी, संजू ने किसी तरह उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) पहुंचाया। किंतु रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी थी।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किरण को मृत घोषित कर दिया। वे तिलकामांझी स्थित अपार्टमेंट में रहती थी। 15 जुलाई 2019 को किरण ने पचरुखी ब्रांच जॉइन किया था। वो एक अगस्त 2011 को नौकरी में आयी थीं। इसके पूर्व वे बक्सर स्थित यूको बैंक में असिस्टेन्ट मैनेजर के पद पर थीं। घटना की जानकारी पाकर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, बरारी इंचार्ज नवनीश कुमार, यूको बैंक के जोनल मैनेजर समेत काफी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मी अस्पताल पहुंचे हैं। परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। वे लोग भी भागलपुर के लिए निकल गए हैं।
घर की एकलौती कमाने वाली थी किरण
बैंक मैनेजर किरण की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। चार बहनों में किरण ही घर में इकलौती कमाने वाली थी। पिता की मौत और दो बहनों की शादी हो जाने के बाद घर की जिम्मेदारी किरण पर ही थी। छोटी बहन अभी पढ़ रही है। किरण की मां ने बेटी की शादी के लिए काफी अरमान रखे थे। घटना के बाद कई घंटे तक उनसे बेटी की मौत की बात छिपाकर रखी गई। जब उन्हें बेटी के बारे में बताया गया, तभी से वो सदमे में हैं। घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शी संजू कुमार के बयान पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
तिलकामांझी में अपने साथी अनुपमा के साथ रहती थीं किरण
मुरारपुर बायपास रोड पर हुई सड़क दुर्घटना की शिकार हुई किरण तिलकामांझी में अपने साथी अनुपमा राज के साथ रहती थीं। अनुपमा राज कजरैली शाखा की मैनेजर हैं। हादसे में घायल संजू के मुताबिक वे अकबरनगर यूको बैंक शाखा में असिस्टेंट मैनेजर हैं। वे लोग तिलकामांझी में एक ही बिल्डिंग के अलग-अलग अपार्टमेंट में रहते हैं। वहीं, घटना की जानकारी पाकर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, बरारी इंचार्ज नवनीश कुमार, यूको बैंक के जोनल मैनेजर सुभाष चंद्र मोहपात्रा समेत काफी संख्या में विभिन्न यूको बैंक शाखा के मैनेजर व अन्य कर्मी पहुंचे थे। संजू शादीशुदा हैं।
पूर्व में बक्सर में थी पदस्थापित
15 जुलाई 2019 को किरण ने पचरुखी शाखा में बतौर मैनेजर पदभार ग्रहण किया था। वह एक अगस्त 2011 को नौकरी में आई थीं। इसके पूर्व वह बक्सर स्थित यूको बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर थीं। घटना के बाद यूको बैंक कर्मियों में मायूसी छा गई। सभी ने कहा कि किरण काफी हंसमुख स्वभाव की थीं। उसकी मौत से वे लोग स्तब्ध हैं। किसी को इस घटना पर भरोसा नहीं हो रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। देर रात किरण के चाचा विरेंद्र कुमार पटना से भागलपुर पहुंचे। वे शव लेकर पटना रवाना हो गए। मंगलवार को पटना में ही किरण का दाह संस्कार होगा।