Malda Railway Division : 'फिट इंडिया फ्रीडम रन' से रहेंगे स्वस्थ्य, पास नहीं भटकेगा कोरोना
फिट इंडिया राष्ट्रीय स्तर का अभियान है जो प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रहने तथा अपने जीवन शैली में खेलकूद व भागदौड़ को शामिल करने को प्रेरित करता है।
भागलपुर, जेएनएन। फिट इंडिया फ्रीडम रन से आप तो स्वस्थ्य होंगे ही साथ ही दूसरे को भी इसका लाभ मिलेगा। इस अभियान की शुरुआत शनिवार को मालदा रेल मंडल से हुई। डीआरएम यतेंद्र कुमार ने मंडल के अधिकारियों के साथ दौड़ लगाई।
डीआरएम ने कहा कि यह कार्यक्रम बदलते जीवन शैली के लिए आवश्यक है। कोविड 19 के कारण लोगों की जीवन शैली बदल गई है। घर में ज्यादार समय लोगों का गुजर रहा है। ऐसे में हमें अपनी दिनचर्या में खेलकूद व दौड़ भाग को शामिल करना होगा। फिट इंडिया राष्ट्रीय स्तर का अभियान है जो प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रहने तथा अपने जीवन शैली में खेलकूद व भागदौड़ को शामिल करने को प्रेरित करता है।
रेलवे बोर्ड से मिले निर्देशों के आलोक में मालदा रेल मंडल में भी दो अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। डीआरएम ऑफिस से दौड़, तेज चाल का आयोजन किया गया। इस दौरान कोविड-19 के निर्देशों का पालन किया गया। डीआरएम ने रेल कर्मचारियों से आह्वान किया कि अपने दिनचर्या में से कुछ समय निकाल कर व्यायाम जरूर करें। खेलकूद और व्यायाम के फायदों से के बारे में सभी को अवगत कराया गया। डीआरएम ने कहा कि फिट इंडिया रन कार्यक्रम का आयोजन मालदा रेल मंडल के स्टेशनों और कोचिंग रेल यार्ड में होगा। इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।
दौड़ में एडीआरएम, सीनियर डीसीएम, सीनियर डीओएम, सीनियर डीएमई, सीनियर डीपीओ, डीएमई सहित मंडल के सभी विभाग के अधिकारी और कर्मी थे। दरअसल, रेलवे कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप स स्वस्थ्य रखने के लिए देश स्तर पर कार्यक्रम की शुरूआत की गई है इसका समापन गांधी जयंती पर दो अक्टूबर को हाेगा।
इससे पहले रेलवे की ओर से एक सप्ताह पहले गंदगी को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इस अभियान में अधिकारियों ने झाड़ू थाम कर साफ सफाई अभियान चलाया था। जंक्शन पर कैरेज एंड वैगन विभाग की ओर से प्रभातफेरी निकाली गई थी।