लव जिहाद: प्रेम जाल में फंसा छात्रा से की शादी, फिर धर्म परिवर्तन को देने लगा यातना
बिहार के किशनगंज जिले में एक लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने प्रेम जाल में फंसा कर दूसरे धर्म की युवती से शादी की अौर फिर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा।
किशनगंज [जेएनएन]। पहले से शादीशुदा युवक ने प्रेम संबंध बनाकर बीए (प्रथम वर्ष) की छात्रा से शादी कर ली। इसके बाद धर्म परिवर्तन के लिए उसे यातना देने लगा। ससुराल से भागकर पीडि़ता ने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किशनगंज की एसडीपीओ कामिनी बाला ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना गलगलिया ईदगाह टोला की है।
पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। प्राथमिकी के अनुसार पूर्व से शादीशुदा मो. राजा उर्फ किना ने लड़की के साथ प्रेम संबंध बनाया। 13 मई को उसे लेकर दिल्ली चला गया। वहां 15 मई को उसने लड़की से शादी कर ली।
इधर, पीडि़ता के अचानक गायब होने के बाद उसकी मां की शिकायत पर गलगलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस के दबाव के बाद आरोपित पीडि़ता को लेकर हाजिर हुआ। पीडि़ता ने आरोपित के पक्ष में बयान दिया था, जिसके बाद उसे राजा के साथ भेज दिया गया।
इसके बाद आरोपित और उसके परिजन लड़की से दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। लड़की पर धर्म परिवर्तन करने के लिए भी दबाव बनाया जाने लगा। पीडि़ता ने धर्म परिवर्तन करने से इन्कार कर दिया।
इसी बात को लेकर 26 अक्टूबर को पति और ससुराल वालों ने उसकी पिटाई करने के बाद हाथ-पैर बांधकर उसे घर के बरामदे में रख दिया। रात के अंधेरे में वह किसी तरह बंधन खोलकर फरार हो गई और नेपाल स्थित रिश्तेदार के घर में शरण ली। शनिवार को पीडि़ता ने महिला थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई।