Madhepura Crime : सीमेंट दुकान के कर्मी को अपराधियों ने गोली मारी, मौत, विरोध में सड़क जाम
मधेपुरा में एक दुकान के मुंशी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सीमेंट दुकान में मुंशी का काम करता था अमित। सोमवार की रात दुकान से अपने घर सोनवर्षा जा रहा था। हरेली के समीप घात लगाए बदमाशों उसे गोली मार दी।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। सीमेंट दुकान में मुंशी का काम करने वाले अमित कुमार को बदमाशों ने सोमवार की रात्रि गोली मारकर हत्या कर दी। अमित सोनवर्षा गांव का निवासी था। घटना दुकान बंद घर जाने के दौरान हुई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। मंगलवार को काफी संख्या में लोगों ने फुलौत चौक पर पहुंचकर सभी मार्ग को अवरूद्ध कर दिया है। घटना के कारण का पता अब तक नहीं चल पाया है।
पुलिस छानबीन कर रही है। बताया गया कि रोज की तरह अमित दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान हरेली के समीप घात लगाए बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुन आसपास के लोगों दौड़े। जब तक उसे इलाज के लिए ले जाया जाता उसकी मौत हो चुकी थी। बेखौफ अपराधियों द्वारा इस तरह की वारदात से आक्रोशित लोगाें ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का साफ कहना था कि अगर पुलिस गश्ती होती तो इस प्रकार की घटना नहीं होती। बदमाशों का हौसला बढ़ा हुआ है। इस पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। आक्रोशित लोग घटना विरोध में सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर बाजार भी बंद करा रहे हैं।
इधर घटना की जानकारी स्वजनों को होते ही वे भी घटना स्थल पर पहुंच गए है। स्वजनों का रो रोकर बुरा है। उनका साफ कहना है कि अमित का किसी से दुश्मनी नहीं थी। वे मुंशी का काम कर परिवार का भरण पोषण करते थे। इधर जाम कर लोगों को पुलिस समझने में लगी है। शव को पोस्टमार्टम की तैयारी में भी पुलिस लगी हुई है। प्रदर्शनकारी घटना स्थल पर डीएम एसी को बुलाने की मांग कर रहे है। लोगों का साफ कहना है कि पुलिस हत्यारों की जल्द गिरफतारी करें और स्वजनों को मुआवजा दे तभी जाम हटाया जाएगा।