Lockdown : 'नायक' बना पर्दे का खलनायक, मुंबई में फंसे प्रवासी को भेजा घर
Lockdown फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने मुंबई में फंसे सहरसा जिले के एक प्रवासी को घर भेजा। उन्होंने उनके लिए खाने-पीने की मदद भी की।
सहरसा, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान मुंबई में फंसे जिले के भटौनी निवासी मनीष कुमार फिल्म अभिनेता सोनू सूद की मदद से सहरसा पहुंचे। वह वहां फिल्मों में काम पाने के लिए प्रयास कर रहे थे। लॉकडाउन के कारण कामकाज पूरी तरह बंद हो गया। जमा रुपये खत्म होने के बाद करीब ड़ेढ़ माह तक फुटपाथ पर रहे और भूखे रहकर तो कभी एक बार खाकर दिन का गुजारा करते रहे।
बिहार सरकार को भी ट्वीट कर फंसे रहने की जानकारी उन्होंने दी थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाने वाले सोनू सूद को ट्वीट किया और बताया कि वह फंसे हुए हैं। उनके पास खाने को कुछ नहीं है। सोनू सूद उनके लिए नायक बनकर आए। उन्होंने उनसे कहा कि तीन दिनों के अंदर तुम घर में मां के हाथ का बना खाना खाओगे। सोनू सूद ने उनके खाने-पीने का भी इंतजाम कर दिया। इसके बाद सोनू ने उन्हें अन्य प्रवासियों के साथ बस से पटना भिजवा दिया। यहां से वह ट्रेन के माध्यम से सहरसा पहुंचे। मनीष ने बताया कि सोनू सूद कई लोगों को घर पहुंचने में मदद कर रहे हैं।