ग्रेजुएट पास लड़की और सातवीं पास लड़के की अजब प्रेम की गजब कहानी
ग्रेजुएट लड़की को सातवीं पास लड़के से प्यार हो गया,और दोनों ने घर से भागकर शादी रचा ली। अब लड़की के घरवाले लड़के पर अपहरण का झूठा केस दर्ज कराकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पूर्णिया [जेएनएन]। प्यार ऊंच-नीच, जात-पात नहीं देखता। लेकिन प्यार करने वालों को दुनिया सजा देती है। एेसी ही एक प्रेम कहानी में ग्रेजुएट लड़की को सातवीं पास लड़के से प्यार हो गया और दोनों बिना किसी को बताए घर छोड़कर फरार हो गए। दोनों पूर्णिया से पटना पहुंचे और शादी रचा ली।
घटना मधेपुरा जिला के आलमनगर स्थित खुरहान गांव की है जहां सातवीं पास अमन को ग्रेजुएट प्रेरणा से प्रेम हो गया। जिसके बाद दोनों ने माता पिता को बताए बिना भागकर पटना में गत 16 जनवरी को शादी रचा ली। उसके बाद लड़की के परिजनों ने आलमनगर थाना में उसके और परिवार के अन्य सदस्यों पर अपहरण का झूठा केस कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
लड़की ने बताया कि दोनों बालिग हैं और मर्जी से शादी रचाई है, लेकिन उसके पिता और चाचा अमन के पूरे परिवार की जान के दुश्मन बन गये हैं। लगातार धमकी पर धमकी दे रहे हैं। अब उन लोगों को जान का डर सता रहा है। दोनों ने सुरक्षा के साथ न्याय की गुहार लगायी है। एसपी ने इसे पारिवारिक मामला देखते हुए पुलिस परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है।
प्यार करने की सजा भुगत रहे प्रेमी जोड़े ने एसपी से गुहार लगाई है और कहा है कि हम साथ जीना चाहते हैं , हमें बचा लीजिए। एसपी ने दोनों की बात सुनकर उन्हें पुलिस परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। दोनों का कहना है कि हम बालिग हैं और हमने अपनी मर्जी से शादी की है और हम साथ जीना चाहते हैं। लेकिन हमारे माता-पिता को यह मंजूर नहीं है।