निरहुआ की जीत पर गदगद हुए खेसारी लाल यादव, बोले- लव यू भईया, ई पूरा भोजपुरिया समाज के जीत बा
Azamgarh ByPoll 2022 में दिनेश लाल यादव निरहुआ की जीत पर चौतरफा बधाई संदेश दिए जा रहे हैं। इस क्रम में भोजपुरी इंडस्ट्री से भी उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। खेसारी लाल यादव ने निरहुआ को बधाई देते हुए लव यू भईया कहा। उन्होंने आगे कहा...
आनलाइन डेस्क, भागलपुर: Azamgarh ByPoll 2022 पर जीत का परचम लहराने वाले बीजेपी उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने जो उलटफेर किया, उसकी चर्चा अब चारों ओर है। सभी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं। भोजपुरी स्टार निरहुआ को अब फिल्म इंडस्ट्रीसे भी शुभकामनाएं मिलने लगी हैं। उनकी जीत पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने बधाई संदेश देते हुए अपने फेसबुक पर एक पोस्ट की।
निरहुआ की जीत पर गदगद दिखाई दिए खेसारी लाल यादव ने लिखा, 'ऐतिहासिक जीत के लिए बड़े भईया दिनेश लाल यादव (निरहुआ) जी को बहुत बहुत बधाई। ई जीत पूरा भोजपुरिया समाज के जीत बा भईया, मन गद गद हो गइल। लव यू भईया! जय हो !'
बता दें कि निरहुआ ने सपा के गढ़, आजमगढ़ में लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को हरा दिया है। अब ये सीट बीजेपी के खाते में आ गई है। भोजपुरी के बाद राजनीति में स्टार बन गए निरहुआ जीत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए दावा किया कि अखिलेश यादव को उपचुनाव में अपनी पार्टी की हार का अहसास पहले से ही हो गया था। यही वजह है कि वो यहां प्रचार करने नहीं आए।
खेसारी भी उतरेंगे बिहार की राजनीति में?
यह सवाल इसलिए किया जा रहा है क्योंकि इसी साल खेसारी लाल यादव ने बिहार की राजनीति में एक गीत लाकर चर्चा तेज कर दी थी। खेसारी ने तेजस्वी यादव समर्पित एक गीत ‘तेजस्वी बिना सुधार ना होई और लालू बिना चालू बिहार ना होई’ बोल के साथ गाया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। बता दें कि अग्निपथ योजना को लेकर भी खेसारी ने बयान दिया और इससे पहले भी खेसारी कई राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते नजर आ चुके हैं। ऐसे में लोगों में इस बात की चर्चा होती रही है कि हो न हो आने वाले दिनों में खेसारी लाल यादव राजनीति की पिच पर दांव आजमाने उतर सकते हैं।