kathir road accedent : बांस लदा ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत, दो की हालत गंभीर
kathir road accedent कटिहार में ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना हसवर-नीमा पथ पर रहुआ के समीप की है। मृतक मजदूर अमदाबाद का रहने वाला था। वहीं दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
कटिहार, जेएनएन। हसवर-नीमा पथ पर शुक्रवार को मनिहारी थाना क्षेत्र के रहुआ के समीप एक बांस लदा ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पेड़ से जा टकराया। इसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। मृतक मजदूर की शिनाख्त अमदाबाद थाना क्षेत्र के देवा लक्ष्मीपुर निवासी विद्यासागर मंडल के रुप में हुई है। घायलों में महुअर नया टोला के मु. भोला व लक्ष्मीपुर के ही दिनेश मंडल शामिल हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना पर मनिहारी थाना के अपर थानाध्यक्ष विधि व्यवस्था नवल किशोर सिंह, सअनि भोला प्रसाद दल बल के साथ मौके पर पहुंच ट्रेक्टर में बांस के बीच फंसे मजदूर को ग्रामीणों के सहयोग से निकाला। उसे अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार अमदाबाद प्रखंड के देवा लक्ष्मीपुर से मु. भोला मजदूरों से बांस कटवाकर ट्रैक्टर ट्राली से लेकर मनिहारी आ रहा था। इसी बीच रहुआ के निकट ट्रेक्टर ट्रेलर अनियंत्रित हो सड़क के नीचे जा पेड़ से टकरा गई। ट्रेक्टर में बैठे एक व्यक्ति व चालक बाल बाल बच गए और वहां से फरार हो गए। मु. भोला व दिनेश मंडल बुरी तरह जख्मी हो गए। दोनों का इलाज मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है।पुलिस ने ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।
हाल के दिनों में बढ़ गए हैं हादसे
हाल के दिनों में कटिहार में रोड हादसे की संख्या में वृद्धि देखने को मिल रही है। हर दिन कई न कही हादसे हो रही है। इसके बावजूद अब तक ब्लैक स्पॉट आदि को चिन्हित नहीं किया गया है। साथ ही तेज रफतार वाहन चालकों पर भी लगाम नहीं लगाया जा रहा है।