कन्हैया के विरोध मार्च पर लगी रोक, NRC और CAA के विरोध में होना था प्रदर्शन Katihar News
लगातार कन्हैया यादव बिहार में दौरा कर रहे हैं। इस दौरान एनआरसी और सीएए के विरोध में सभा और मार्च निकाला जा रहा हैं। कटिहार में जिला प्रशासन विरोध मार्च करने की अनुमति नहीं दी।
कटिहार, जेएनएन। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNU) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) के विरोध मार्च पर कटिहार में रोक लगा दी गई। इस विरोध मार्च में भाग लेने और सभा को संबोधित करने गुरुवार को ही कन्हैया यादव कटिहार पहुंच गए हैं।
जिला प्रशासन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कटिहार में एनआरसी और सीएए के खिलाफ शुक्रवार को विरोध मार्च होना था। लगातार बिहार में कन्हैया यादव की रैली और सभा में हंगामा होने की जानकारी मिल रही थी। अन्य कुछ स्थानों पर मारपीट की भी सूचना मिली है। इस कारण सदर एसडीओ ने सुरक्षा कारणों से जुलूस की अनुमति नहीं दी।
यहां बता दें कि शुक्रवार सुबह से ही जुलूस में शामिल होने कार्यकर्ता कटिहार के हाजीपुर पहुंच गए थे। हाजीपुर से ही एनआरसी और सीएए विरोध मार्च शुरू होना था। हालांकि जिला प्रशासन राजेन्द्र स्टेडियम में उनकी सभा की अनुमति दे रही है। हालांकि जिला प्रशासन ने सभा सुबह 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक ही करने की अनुमति प्रदान की।
इससे पहले, सुपौल (Supaul) में कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) के काफिले पर बुधवार की शाम में भीड़ ने हमला कर दिया है। हमले में कन्हैया भी घायल हो गए थे। उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था। उधर, सुपौल में एक युवक ने कन्हैया पर मारपीट का आरोप लगाया था। कहा कि हमें कन्हैया व उनके समर्थकों ने लात-घूंसे से मारा था। इस दौरान काफिले में शामिल दो अन्य लोग भी घायल हुए थे। घायलों में एक ड्राइवर भी शामिल था। दो वाहनों के शीशे भी फूट गए थे। वहीं, झंझारपुर में भारतीय कन्युनिस्ट पार्टी के नेता (CPI Leader) कन्हैया के काफिले को काला झंडा भी दिखाया गया था। झंझारपुर के बाद कन्हैया कुमार सुपौल पहुंचे थे।
भागलपुर में आज सभा को संबोधित करेंगे कन्हैया
सीएए, एनआरसी व एनपीआर के विरोध में शुक्रवार को भागलपुर जिला के चंपानगर नीलमही मैदान में संविधान बचाओ देश बचाओ समिति द्वारा आयोजित सभा को जेएनयू पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार संबोधित करेंगे। यह जानकारी समिति के सदस्य मौलाना हैदर अली ने चंपानगर स्थित एक निजी हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इधर, कबीरपुर में 18वें दिन भी लोग इस कानून के विरोध में धरने पर बैठे रहे।
कन्हैया के काफिले पर हमले की निंदा
भागलपुर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने बैठक बुलाकर कामरेड कन्हैया कुमार के काफिले पर हुए हमले की निंदा की है। हमले में दोषी अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। बैठक में कामरेड मनोहर मंडल, विनोद मंडल, उपेंद्र प्रसाद यादव, सुभाष तांती, विमल पोद्दार, उपेंद्र साह, अनिल सिंह, अरुण मंडल, मनोज गुप्ता, सारंगधर पासवान, दशरथ प्रसाद शामिल थे।