दिल्ली में हुई चोरी में कहलगांव की दो सगी बहनें गिरफ्तार
दिल्ली में हुई लाखों की चोरी के मामले में कहलगांव की दो सगी बहनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जेएनएन, भागलपुर। दिल्ली में हुई लाखों की चोरी के मामले में कहलगांव की दो सगी बहनों को गिरफ्तार कर लिया गया। स्थानीय पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस ने दोनों को जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मंडल टोली से दबोचा गया। दिल्ली पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई। दिल्ली के पंजाबी बाग थाना में कुछ दिन पूर्व भीषण चोरी हुई थी। जिसमें कहलगाव के शिवकुमारी पहाड़ निवासी राजकुमार साह, उकी पत्नी शोभा देवी एवं सगी बहन बेलन साह की पुत्री बंटी कुमारी पर 20 लाख रुपये की नकदी और 25 लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ करने के आरोप हैं।
दिल्ली पुलिस ने मोबाइल सर्विलास के आधार पर कहलगाव पुलिस के सहयोग से नदिया टोला के विपिन कुमार राम को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर जगदीशपुर मंडल टोला में छापेमारी कर दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बहनें करीब दो माह से जगदीशपुर में किराए के मकान में रह रही थीं। जबकि राजकुमार साह फरार है। चार वर्ष पूर्व भी दिल्ली पुलिस चोरी के आरोप में शोभा देवी एवं उसकी सास को गिरफ्तार कर ले गई थी। शोभा देवी पर चोरी के चार मामले दिल्ली में दर्ज है। शिवकुमारी पहाड़ पर महिला का एक गिरोह है जो दिल्ली जाकर पैसे वाले लोगों के घर दाई का काम करता है। गिरोह में पति भी रहता है। मौका देखते ही दाई का काम करने वाली महिलाएं घर से आभूषण, रुपये और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती हैं। शोभा देवी के घर से दिल्ली पुलिस ने पहले छापेमारी कर रुपये, आभूषण और हीरा जड़ित अंगूठी भी बरामद की थी। इस गिरोह के पुरुष सदस्य सोना चादी आभूषण साफ करने के नाम पर ठगी भी करते हैं। दिल्ली से चोरी कर लाए गए गहने को भागलपुर, साहेबगंज एवं अन्य शहरों में बेचते हैं। हरियाणा पुलिस भी दो बार गिरफ्तारी के लिए आई थी। राजकुमार साह गिरोह का सरगना है। उसने कई जगह मकान बना रखे हैं।