JLNMCH : एक ओर दर्द से तड़प रही थी प्रसूता, दूसरी ओर डॉक्टर उपस्थित बनाकर थे गायब Bhagalpur News
JLNMCH के प्रसूति विभाग में चिकित्सक के नहीं रहने से काफी परेशानी हो रही है। रोज यहां प्रसव के लिए गर्भवती महिलाएं आतीं हैं। लेकिन चिकित्सक और नर्स वहां नहीं रहते।
भागलपुर, जेएनएन। मायागंज अस्पताल के प्रसूति विभाग के पास नाथनगर की प्रतिमा देवी प्रसव वेदना से तड़पती रहीं लेकिन उन्हें देखने वाला कोई नहीं था। डॉक्टर का चेंबर खाली था। नर्स भी कहीं नजर नहीं आ रही थीं। ऐसा आए दिन होता है जब रात में मरीजों की स्थिति गंभीर रहती है और चिकित्सक उपस्थिति बनाकर गायब रहते हैं। बुधवार की रात करीब 11 बजे प्रतिमा देवी को इंडोर स्थित प्रसूति विभाग में लाया गया था। रात करीब 11.40 बजे तक प्रतिमा को भर्ती नहीं किया गया। मिन्नत करने पर सुरक्षा गार्ड ने नर्स को मरीज के आने की सूचना दी। करीब 12 बजे महिला चिकित्सक के आने पर प्रसूता को भर्ती किया गया। 2.15 बजे सामान्य प्रसव कराया गया। गुरुवार को प्रतिमा को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई। बताया गया कि बुधवार को डॉ. प्रीति सिंह और इंटर्न डॉ. अभिजीत और सचिन की ड्यूटी थी।
सर्जरी विभाग में भी सुनीता की स्थिति गंभीर
इंडोर सर्जरी विभाग में बेड संख्या 105 पर भर्ती कहलगांव की सुनीता देवी की स्थिति भी गंभीर हो गई थी। रात 10 बजे नर्स के सूई देने के आधा घंटा के बाद उसे तेज बुखार और दर्द होने लगा। मरीज के साथ छोटा बच्चा भी था। मरीज को चिल्लाते देख विभाग में भर्ती अन्य मरीजों के परिजन पंकज कुमार और संजय वर्मा नर्स को एक घंटा तक विभाग में खोजते रहे। नहीं मिलने पर रात करीब 11.20 बजे इमरजेंसी के कंट्रोल रूम गए। यहां एक कर्मचारी ने सर्जरी विभाग के कमरा में सो रही नर्सों को जगाया। नर्स द्वारा दवा देने के कुछ देर बाद सुनीता की स्थिति सामान्य हुई।
जो डॉक्टर ड्यूटी में नहीं थे, स्वास्थ्य प्रबंधक से जानकारी लेकर उन पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. आरसी मंडल, अधीक्षक, जेएलएनएमसीएच