जदयू नेता के घर रची गई लूट की साजिश, गिरफ्तार अपराधी ने खोले कई राज
भागलपुर में गिरफ्तार अपराधी ने पुलिस ने सामने कई राज खोले। पुलिस को एक बड़े सिंडिकेट की जानकारी मिली है। पुलिस आगे की कार्रवाई करने जुट गई है।
भागलपुर, जेएनएन। बबरगंज में दाल व्यवसायी से लूट मामले में पुलिस को एक बड़े सिंडिकेट की जानकारी मिली है। लूट मामले में गिरफ्तार हुए सन्नी कुमार ने पुलिस के सामने यह राज खोला है। उसने पुलिस को बताया कि दाल व्यवसायी के बेटे से लूट की साजिश 20 दिन पहले कटघर निवासी जदयू नेता आर्यन सिंह के घर रची गई थी। वह युवा जदयू का प्रदेश सचिव है। सन्नी ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात करने के बाद कई अपराधी आर्यन के फॉर्म हाउस में छिपकर रहते थे। इसके एवज में वह प्लाटिंग के लिए सभी का इस्तेमाल करता है।
दाल व्यवसायी को लूटने का प्लान उस समय बना जब सभी आर्यन सिंह के फॉर्म हाउस पर पार्टी के लिए जुटे थे। उस पार्टी में हत्या का आरोपित महेशपुर, मड़वा स्थान निवासी गौरव गोस्वामी उर्फ बाबा, पिंटा साह, राजा, किशन साह, वासू साह के साथ जुटे थे। पिंटा ने गौरव ने कहा कि पूर्व के केस में जमानत में ज्यादा रुपये खर्च होगा। इसके लिए रुपये का इंतजाम करना होगा। इस पर पिंटा ने कहा कि उसके मोहल्ले का दाल व्यवसायी हर रोज गल्ले का रुपये जमा करने बैंक जाता है। इस बात पर सभी ने हामी भरी। आर्यन सिंह को भी उन लोगों ने इसकी जानकारी दी तो उसने घटना को अंजाम देने पर हामी भर दी।
राजा ने की थी रेकी
22 जून को घटना को अंजाम देने की योजना बनी। सुबह ही सन्नी को पिंटा ने फोन कर तैयार रहने को कहा। इसके बाद किशन को फोन किया। उसने कहा कि वह आर्यन सिंह के साथ है। सभी गौरव गोस्वामी के मड़वा स्थान स्थित घर पर पहुंचे। गौरव ने राजा को व्यवसायी के पुत्र की रेकी करने को भेज दिया। इसके बाद सन्नी अपनी अपाचर बाइक और किशन आर्यन की लाल पल्सर लेकर पहुंचे। वहां से लाल पल्सर पर किशन और वासु और अपाची पर गौरव गोस्वामी और पिंटा साह निकले। दाल व्यवसायी का बेटा पवन ज्यों ही रुपये लेकर निकला। राजा ने गौरव को फोन कर इसकी जानकारी दी।
रामदेव साह लेन में हुई लूट
जानकारी मिलते ही वे लोग सतर्क हो गए। पवन रुपये से भरा थैला लेकर अलीगंज स्थित रामदेव साह लेन के कोने पर पहुंचा तो उक्त चारों आरोपित ने उसे घेर लिया। बाबा ने पिस्टल निकालकर पवन का थैला लूट लिया। इस दौरान सन्नी समेत अन्य लड़के आसपास ही मौजूद थे। सीसीटीवी में सभी अपराधियों को चेहरा कैद है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी कटघर की ओर भाग निकले।
वहीं, जदयू नेता आर्यन सिंह ने इस मामले में कहा कि मेरे उपर जो लगे आरोप बेबुनियाद हैं। मुझे कानून पर भरोसा है।
लूट मामले में कई लोगों का नाम सामने आया है। पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। -सुशांत सिंह सरोज, सिटी एसपी, भागलपुर।