बिहार: मुंगेर में जदयू नेता की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या, स्थिति तनावपूर्ण
बिहार के मुंगेर में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने जदयू नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, उसके साथ आ रहा एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है।
मुंगेर [जेएनएन]। बिहार के मुंगेर में अपराधियों ने शुक्रवार की सुबह दो लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में एक जदयू नेता राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रेल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण है।
जानकारी के अनुसार, रेल अस्पताल से लौट रहे जमालपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर पांच की वार्ड पार्षद नीतू कुमारी के भाई रेलकर्मी नंदन कुमार और जदयू के वार्ड अध्यक्ष राकेश कुमार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोलीबारी की घटना में जहां नंदन कुमार की मौत हो गई। वहीं, राकेश कुमार गंभीर रुप से जख्मी हो गया।
राकेश को भी तीन गोली लगी है। ऐसे में राकेश के बचने की संभावना भी बहुत कम है। घायल का रेल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना पर मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि एक जन प्रतिनिधि के रिश्तेदार ने बकाया पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
नंदन की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। हत्या के तार जेल से जुडे होने की आशंका जाहिर की जा रही है क्योंकि नंदन ने अपनी बहन को जमालपुर नगर परिषद के चेयरमैन चुनाव में अमित मंडल की मां पार्वती देवी के खिलाफ मैदान में उतारा था। अमित फिलहाल मुंगेर मंडल कारा में बंद है।
पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है। गोलीबारी की घटना के बाद ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। एएसपी हरिशंकर कमार के नेतृत्व में आधे दर्जन से अधिक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ कैंप किए हुए हैं।