बदल सकते हैं जदयू की युवा टीम के चेहरे
भागलपुर। राज्य में युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बदल गए हैं। इसके साथ ही जिला व नगर टीम निवर्तमान हो गइ
भागलपुर। राज्य में युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बदल गए हैं। इसके साथ ही जिला व नगर टीम निवर्तमान हो गई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा के कार्यकाल में नियुक्त जिला व नगर अध्यक्ष भी अब बदले जा सकते हैं। नए प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा जिला व नगर की टीम में मनोनयन के लिए पार्टी के पुराने साथियों से परामर्श ले रहे हैं। जिला युवा अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश नेतृत्व के पास दो-तीन नाम का प्रस्ताव है। नए प्रदेश अध्यक्ष का भागलपुर आना जाना भले ही कम हुआ है, लेकिन उन्हें यहां का फीडबैक है। वे संगठन की मजबूती के लिए समर्पित सिपाही की तलाश कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जिला व नगर टीम के मनोनयन में किसी नेता की पैरवी सुनने के बदले खुद से आकलन करने पर विश्वास करते हैं। यह आवश्यक नहीं कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने जिनको पद देकर सम्मान दिया था, उन पर नए अध्यक्ष भरोसा करे। वैसे पार्टी के जिला अध्यक्ष विभूति गोस्वामी संगठन की मजबूती के लिए अपने ही गुट के किसी युवा को प्रोजेक्ट करना चाहेंगे। एक और गुट सांसद कहकशां परवीन का है। सांसद के पास भी युवा साथियों ने पहुंच बनाने का दावा किया है। नए अध्यक्ष प्रदेश कार्यालय में नियमित बैठकर सभी जिलों के पुराने साथियों से संभावित नामों पर विचार विमर्श कर रह रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अभी जिनका मनोनयन किया जाएगा, उनके ही कार्यकाल में लोकसभा व विधानसभा चुनाव होंगे। व्यक्ति की साख व कर्मठता से पार्टी को लाभ मिलता है। अब पार्टी ऐसे ही युवा साथियों की तलाश कर रहा है जो जाति या अपने प्रभाव की बदौलत संगठन को फायदा पहुंचाए। अभी युवा जदयू के निवर्तमान अध्यक्ष शेखर पांडेय हैं वहीं नगर में शमीम रिजवी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शमीम रिजवी पिछले कई वर्षों से जिला टीम का नेतृत्व करने का ख्वाब पाले हुए हैं। लेकिन उन्हें नगर से बाहर निकलने का मौका पार्टी नहीं दे रही है। प्रदेश की युवा टीम में भागलपुर को एक प्रतिनिधित्व मिला है।