Jamui Crime : अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारी, पटना रेफर, स्थिति गंभीर
Jamui Crime जमुई में अपराधियों ने सत्तन यादव को गोली मारी है। दाहिने तरफ सीने में लगी एक गोली। बेहतर इलाज के लिए सत्तन यादव को पटना ले जाया गया है। स्थिति गंभीर बनी हुई है। भूमि विवाद में गोली मारने की जताई जा रही आशंका।
जागरण संवाददाता, जमुई। Jamui Crime : जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के मंझियानी गांव में मंगलवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने सत्तन यादव को गोली मार दी। जिसे स्वजन द्वारा घायल अवस्था मे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्वजन ने बताया कि व्यक्ति गांव के ललकारी बहियार में जेसीबी से अपने खेत को समतल करवा रहे थे इसी दौरान बाइक से तीन की संख्या में आए अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली दाहिने सीने में लगने के बाद व्यक्ति गिर गया जबतक दूसरी गोली मारते तबतक स्थानीय लोग गोली की आवाज़ सुन कर दौड़ पड़े इस दौरान सभी अपराधी बाइक से फरार हो गया। उसके बाद घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां से चिकित्सक द्वारा पटना रेफर किया गया। अंधेरे की वजह से फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हुई है। लेकिन भूमि विवाद में गोली मारने की बात बताई जा रही है। इधर सूचना के बाद सदर अस्पताल पहुंची पुलिस द्वारा घायल का बयान लेते हुए घटना की छानबीन में जुटी हुई है।
डेढ़ वर्ष पूर्व भी सत्तन को मारी गई थी गोली
सत्तन यादव का उसके गोतिया से ही पुरानी भूमि विवाद चला आ रहा है। इसको लेकर कई बार दोनों के बीच मारपीट की भी नौबत आई है। इसी विवाद को लेकर डेढ़ साल पूर्व भी सत्तन को चार गोली मारी गई थी लेकिन गनीमत रही कि गोली लगने के बावजूद सत्तन बच गया था। उस वक्त भी गोली मारने का आरोप उनके गोतिया पर ही लगा था। स्वजन की माने तो उनके गोतिया द्वारा किसी अज्ञात लोगों से गोली चलवाई गई थी इस बार भी स्वजन अपने गोतिया पर ही गोली चलवाने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन फिलहाल किसी अपराधियों का नाम सामने नहीं आया है।