छह घंटे तक जाम में फंसा रहा शहर
बुधवार को पूरा शहर जाम से जूझता रहा। जाने क्यों लग रहा है भागलपुर में जाम..
भागलपुर। लाख प्रयास के बाद भी जाम की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बुधवार को शहर में फिर से जाम लग गया जिसमें छह घंटे तक लोग फंसे रहे। संबंधित थानों द्वारा तड़के चार बजे भारी वाहनों को एक साथ छोड़ने के कारण शहर बढ़े दबाव से यह स्थिति बनी।
जाम हटाने की पुलिस कोशिश कर ही रही थी कि तिलकामांझी और घंटाघर के पास आगे निकलने की होड़ में वाहन बुरी तरह फंस गए। गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। घंटाघर, कचहरी चौक, आरबीएसएस रोड, पटलबाबू रोड, डॉ. आरपी रोड, खलीफाबाग समेत शहर के विभिन्न इलाकों में आवागमन थम गया। जाम का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि गली तक से निकलना मुश्किल हो गया था। जाम में स्कूली बच्चे भी फंसे रहे। जाम हटाने में पुलिस को छह घंटे लगे। लेकिन दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा। हालांकि विक्रमशिला सेतु पर जाम नहीं लगा थी। सेतु पर सामान्य रूप से गाड़ियों का परिचालन हो रहा था। बता दें कि मरम्मत के कारण फरक्का ब्रिज पर वाहनों के परिचालन बंद है। इसके चलते विक्रमशिला सेतु पर दबाव बढ़ा है। इसकी वजह से सेतु और पहुंच पथ के साथ ही शहर में भी जाम लग रहा है। 31 मार्च तक फरक्का ब्रिज की मरम्मत कार्य होगा।