जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने अररिया में बिहार सरकार की खोली पोल, कहा- दुष्कर्मी को कठोर सजा दिलाने में विफल हैं CM नीतीश
जन अधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव अररिया पहुंचे। उन्होंने बिहार सरकार की जमकर आलोचना की। कहा कि यहां दुष्कर्म की घटनाएं काफी बढ़ गई है। सरकार आरोपित को सजा दिलाने में विफल है। अपराध भी बढ़ा हुआ है।
संवाद सूत्र, भरगामा (अररिया)। दलित मासूम बच्ची के साथ मानवता को तार तार कर देने वाली घटना घटित हुई है। मासूम बच्ची के साथ जघन्य अपराध किया गया है। घटना को अंजाम देने वाले दुष्कर्मी को कठोर सजा मिलनी चाहिए। समाज के शोषित, दलित, एवं पीड़ित की आवाज बनने के लिए वे सदैव तैयार रहते हैं। उक्त बातें मंगलवार को भरगामा थाना क्षेत्र स्थित वीरनगर पश्चिम में जाप सुप्रीमो राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दुष्कर्म पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर कहा।
उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर पच्चीस हजार रुपया देकर आर्थिक मदद की है। जाप सुप्रीमो पप्पू यादव के वीरनगर पश्चिम पीड़ित के घर पहुंचते ही काफी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने एक स्वर में कहा आरोपित को जल्द से जल्द फांसी की सजा होनी चाहिए। जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने कहा आरोपित मेजर द्वारा जो दलित मासूम बच्ची के साथ कुकृत्य किया गया है। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। इस तरह की मानवता को तार तार करने वाले घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। आरोपित को सजा दिलवाने के लिए पप्पू यादव संकल्प लेता है।
उन्होंने कहा पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बनी हुई है। छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपित मेजर की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने उच्चाधिकारी से बात भी किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा पप्पू यादव आपका बेटा है आपका बेटा इस लड़ाई में हमेशा आपके साथ है।
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में अपराध बढ़ा है। दुष्कर्म की घटनाएं भी काफी हो रही है। इसके बावजूद बिहार सरकार इन घटनाओं को रोकने में विफल है। सरकार के पास कोई विजन नहीं है। गरीबों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोजगार के साधन घटे हैं। लोग बिहार से बाहर जाकर कमाने को विवश हैं।