International Yoga Day 2020 : करें योग... रहें निरोग, बता रहे योग साधक और चिकित्सक, जानिए
International Yoga Day 2020 योग स्वस्थ रहने में सहायक है। कोरोना काल में तो योग की महत्ता और बढ़ गई है। चिकित्सक भी योग करने की सलाह देते हैं।
भागलपुर, जेएनएन। आज अंतराष्ट्रीय योग दिवस है। इस दिन पूरे विश्व में योग ही योग छाया रहता है। लेकिन इस बार कोरोना काल में योग के नए स्वरूप ने जन्म ले लिया। आज घरों में ही लोगों ने योग किया। योग गुरु, योगाचार्य, योग शिक्षक और योगी ऑनलाइन आए। उन्होंने लोगों को योग के टिप्स दिए। इस संबंध में कई लोगों ने अपनी-अपनी बातें साझा की। आइए जानें उनकी क्या राय है।
योग के कई फायदे हैं
20 सालों से योग कर रहा हूं। कभी किसी तरह की बीमारी नहीं हुई। योग के कई फायदे हैं। भाग दौड़ भरी जिंदगी में योग से सुकून मिलता है। कमर दर्द से योग से छुटकारा मिला। - वीरेंद्र पंडित, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता, ईशाकचक।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है
-कई सालों से योग कर रहा हूं। यह हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। योग करने से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। सभी को योग करना चाहिए। -प्रो. तुषार कांत, प्रधानाचार्य, मिल्लत कॉलेज परसा, बूढ़ानाथ भागलपुर निवासी।
नियमित और नियमपूर्वक अभ्यास करें
-वज्रासन, ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटिचक्रासन, कपालभाति, नाड़ीशोधन प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम का नियमित व नियमपूर्वक अभ्यास करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। आसन, योग व प्राणायाम-साधना आदि करने से शारीरिक व मानसिक रूप से लोग स्वस्थ और सुदृढ़ होते है। - योगाचार्य बिपिन कुमार
आत्मनियंत्रण के लिए जरुरी है योग
योग आत्मनियंत्रण के लिए जरुरी है। हमारे शरीर, मन और भावनाओं के बीच एक लय होती है। जैसे गिटार का तार टूट जाए तो वह बेसुरा बजेगा वैसे ही हमारे भीतर की यह लय बाहरी परिस्थितियों जैसे गलत खान-पान, तनाव, दूषित पर्यावरण, असंतुलित जीवन शैली आदि के कारण टूट जाती है और हम तरह-तरह की शारीरिक, मानसिक बीमारियों से ग्रस्त होने लगते हैं। आसन, प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया, ध्यान के द्वारा हम इस लय को पुनः प्राप्त करते हैं और अपने वास्तविक स्वरूप आनंद, प्रेम, शांति, प्रसन्नता, उत्साह आदि में पुनः स्थित होते हैं। महर्षि पातंजलि ने भी कहा है... योगश्चित्त वृति निरोधः, तदा द्रष्टु स्वरूपे अवस्थानम। - स्मृति मिश्रा
हर दिन करें योग
-आज जिस तरह देखा जा रहा कि युवा गलत रास्ते पर जा रहे। वह योग ही शक्ति ही है जो इन्हें सही मार्ग दिखा सकती है। योग सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि हर दिन करना चाहिए। - सत्य नारायण साह, प्रधानाध्यापक, अररिया
तनाव से निजात
-योग से तनाव के साथ शरीर फिट रहता है। पहले योग से दूर भागते थे। लॉकडाउन के दौरान योग दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। हर दिन योग करती हूं। तनाव से निजात मिलती है। -रिया, छात्रा, एमए।
युवाओं को योग करना चाहिए
-पहले से योग कर रहा हूं। कोरोना वायरस के बाद सुबह-शाम योग करता हूं। इससे मेरी सोचने की शक्ति बढ़ती है। एकाग्रता बढ़ी है, पढ़ाई में काफी मददगार साबित हो रहा है। युवाओं को योग करना चाहिए। -राजा वर्मा, छात्र, बीसीए।
ऑक्सीजन की कमी दूर होती है
-मेडिकल साइंस में योग का बड़ा महत्व है। अनुलोम-विलोम, प्राणायाम से एलर्जी सहित सांस की बीमारियों में लाभ होता है। व्यायाम करने से शरीर में ऑक्सीजन की कमी दूर होती है, जिन्हें एलर्जी है, उन्हें भी काफी लाभ होता है। व्यायाम के समय तेजी से सांस अंदर-बाहर होने से एलर्जी दूर होती है। टीबी के मरीजों को भी व्यायाम करने की सलाह दी जाती है। - डॉ. संदीप लाल, फिजीशियन
मरीजों को योगासन करने की सलाह दी जाती है
-कमर और घुटना का व्यायाम करने से जोड़ों और कमर दर्द से राहत मिलती है। इसलिए ऐसे मरीजों को योगासन करने की सलाह दी जाती है। शरीर में अगर ऑक्सीजन की आपूर्ति होती रहे तो कई बीमारियों से छुटकारा मिलेगी। ऑक्सीजन की कमी योगासन से ही पूरी हो सकती है। इससे घुटना और कमर की जकडऩ में आराम मिलता है और दर्द नहीं होता। - डॉ. संजय निराला, हड्डी रोग विशेषज्ञ।