वर्चस्व की लड़ाई : जलकर विवाद में चलीं पचास चक्र गोलियां, बंधक बनाकर जमकर पीटा Bhagalpur News
ग्रामीणों ने बताया कि रात में एक गुट के दर्जनों लोग हथियार लेकर गांव पहुंच गए। फिर ग्रामीणों को ललकारते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
भागलपुर [जेएनएन]। बुधवार की रात मछली के शिकार को लेकर लैलख गांव में जलधर निषाद व गब्बर मंडल गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। दोनों ओर से 50 से ज्यादा चक्र गोलियां चलीं हैं। इसी बीच एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के राजेश नामक युवक को पकड़ लिया। फिर उसके हाथ पैर बांधकर पंचायत भवन में बंधक बना लिया फिर उसकी जमकर पिटाई की। इधर, घटना की जानकारी होते ही एसएसपी आशीष भारती ने मौके पर सबौर थानेदार अजय कुमार अजनबी को भेजा। सबौर पुलिस ने किसी तरह बंधक बनाए हुए राजेश को छुड़ाया। उसके पास से कट्टा व गोलियां भी मिली है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। घटना में शामिल दूसरे गुट के सुनील निषाद को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस को घटनास्थल पर कई खोखे मिले।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में एक गुट के दर्जनों लोग हथियार लेकर गांव पहुंच गए। फिर ग्रामीणों को ललकारते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। लोगों ने डर से दरवाजे-खिड़कियां भी बंद कर ली। फिर गांव के लोगों ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से एक-दूसरे पर करीब 20 मिनट तक फायरिंग होती रही।
एक हफ्ते पहले भी हुई थी गोलीबारी : शिकार को लेकर एक हफ्ते पहले भी लैलख गांव में जलधर निषाद व गब्बर मंडल के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों ने मुकदमा भी दर्ज कराया था। ग्रामीणों के मुताबिक पहले हुई गोलीबारी को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। जिसकी वजह से फिर से दोनों गुट आमने-सामने हो गए।
एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि लैलख गांव में गोलीबारी की सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। बंधक बनाए व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही गोलीबारी के एक अन्य आरोपित को भी पुलिस ने पकड़ा है। सबौर पुलिस को निर्देशित किया गया है कि इस मामले में जो भी आरोपित हो उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। गोलीबारी करने वाले बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप