रिश्ता तार-तार, नाथनगर में संपत्ति की लालच में जीजा ने साला को गला घोट मारने का किया प्रयास
संपत्ति के लिए रिश्ता तार-तार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। नाथनगर में दो जीजा ने मिलकर साले की हत्या करने का प्रयास किया।
भागलपुर, जेएनएन। थाना क्षेत्र के उपरटोला हजारी साह लेन निवासी संजीत साह के 16 वर्षीय पुत्र विट्टू कुमार को उसके दो जीजा ने मिलकर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। नाथनगर पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
संजीत ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात मैं पत्नी के साथ छत पर था। बेटा विट्टू नीचे कमरे में मोबाइल देख रहा था। तभी मेरे दोनों दामाद रवि कांत साह और जर्नाधन साह आ धमके और गमछे से विट्टू का गला घोटने लगे। विट्टू चिल्लाने लगा। आवाज सुन नीचे आए तो देखा कि दोनों मिलकर मेरे बेटे का गला दबा रहे हैं। शोर मचाने पर दोनों भाग निकले। संजीत ने बताया कि दोनों दामाद मेरी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। नाथनगर इंस्पेक्टर मु.सज्जाद हुसैन ने बताया कि संजीत की लिखित शिकायत पर बड़े दामाद रविकांत साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जर्नाधन साह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
नाथनगर से सरेराह किशोरी और युवती का अपहरण
थाना क्षेत्र से सरेराह एक किशोरी और एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। दोनों के स्वजनों ने अपहरणकर्ताओं की पहचान करते हुए नाथनगर थाने में केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन ने बताया कि लड़कियों की सकुशल बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। 13 वर्षीय किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि कुछ काम से देना बैंक गई थी। इसी दौरान हरिदासपुर के सुमित कुमार मंडल, निलेश तांती और सदानंद कुमार मंडल ने दिनदहाड़े उनकी बेटी का अपहरण कर लिया। बेटी की तलाश में दिन-रात भटक रहे हैं। आशंका है कि शादी की नीयत से उसे अगवा किया गया है। 22 वर्षीय युवती की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ ऑनलाइन परीक्षा के लिए फॉर्म भरने घर से निकली थी। रास्ते से अपहरणकर्ता उसे उठा ले गए। सहेलियों ने घर पर आकर सूचना दीं। खोजबीन में पता चला कि मोजाहीदपुर के पश्चीम टोला निवासी मु. एजाज ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनकी बेटी का अपहरण किया है।