नाबालिग ने अपनी मां, पिता और बहन की हत्या का लिया बदला, चाचा को मार डाला
अपनी मां पिता और बहन की हत्या का नाबालिग भूल नहीं पाया था। मौका मिलने पर उसने हत्या का बदला लेने के लिए हत्या के आरोपी चचा की भी हत्या कर दी।
कटिहार, जेएनएन। तीन वर्ष पूर्व मां, पिता और बहन की हत्या से आक्रोशित एक 15 वर्षीय किशोर ने सोमवार अल सुबह आरोपित चाचा को कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। घटना बारसोई थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली स्थित चौंदी गांव में घटी है। घटना को अंजाम देने के बाद किशोर वहीं पर रुका रहा। यहां पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
किशोर बदले की आग में जल रहा था
किशोर के चाचा ने 16 जुलाई, 2017 को अपने भाई, भाभी व भतीजी को जलाकर मार डाला था। उसे गिरफ्तार किया गया। आठ-नौ महीने के बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। इधर, माता-पिता व बहन की हत्या के बाद से किशोर बदले की आग में जल रहा था। आरोपित चाचा इसे लेकर किशोर को बराबर ताना देता रहता था। इसी क्रम में सोमवार अल सुबह वह पहली मंजिल पर मौजूद चाचा के कमरे के आगे कुल्हाड़ी लेकर बैठ गया। तकरीबन पांच बजे जैसे ही चाचा बाहर निकला, किशोर ने ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार करना शुरू कर दिया। मौके पर ही आरोपित चाचा की मौत हो गई। स्वजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो जाने के बाद भी किशोर वहीं पर जमा रहा। घटना की सूचना मिलते ही बारसोई थाना अध्यक्ष रामविलास ङ्क्षसह ने मौके पर पहुंचकर किशोर को हिरासत में लिया। शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। मालूम हो कि तीन साल पूर्व आरोपित चाचा ने बाहर से कमरे का दरवाजा बंद करने के बाद किरासन और पेट्रोल छिड़ककर कमरे में आग लगा दी थी। इस घटना में किशोर की मां, पिता और बहन की जलकर मौत हो गई थी। तब किशोर अपने दादा के पास सोया हुआ था, इस कारण उसकी जान बच गई। किशोर ने पुलिस व ग्रामीणों के समक्ष कहा कि चाचा अक्सर उसे ताना देते हुए जान से मारने की धमकी देता था।