धोरैया के देवडॉंड़ गांव में पशुओं में फैली खुरपका बीमारी, किसान हो रहे परेशान
बांका जिले के धोरैया प्रखंड के देवडांड गांव में पशुओं में फैल रही खुरपका बीमारी ने पशुपालकों की होश उड़ा दी है। इस दिशा में जिले के न तो पशुपालन विभाग को कोई पता है और न जिला पशु चिकित्सक को। बचाव के लिए टीकाकरण नहीं किया गया है
जागरण संवाददाता, बांका। जिले के धोरैया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत देवडॉड़ गांव में पशुओं में खुरपका बीमारी फैलने से यहां के किसानों में हड़कंप मच गया है। बीमारी की चपेट में आने से कई पशुओं की हालत बिगड़ती जा रही है। वहीं, पशुपालन विभाग से कोई मदद नहीं मिलने से यहां के किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
वार्ड सदस्य सह किसान तारकेश्वर चौधरी ने बताया कि यहां बड़ी संख्या में लोग गाय पालन करते हैं। यहां करीब चार से पांच दिनों से पशुओं में बीमारी फैल रही है। इसकी सूचना पशुपालन विभाग को दिया गया। पर अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। इलाज नहीं होने से यहां बीमार पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां लगभग दस से 15 पशुओं की स्थिति खराब है। इसके बाद भी जिला प्रशुपालन विभाग को खबर तक नहीं है।
सुनिए पशुपालकों का दर्द
यदि इन पशुओं का इलाज समय रहते नहीं हुआ तो इनका बचना मुश्किल है। किसान अजय मंडल एवं इंदल मंडल का कहना है कि यहां बीमारी काफी तेजी से अपना पांव पसार रही है। इससे यहां के किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा हर साल इस बीमारी से बचाने के लिए पशुओं में टीकाकरण किया जाता था। इस बार पशुओं को इयर टेगिंग करने के बाद भी टीकाकरण नहीं किया गया। इससे बीमारी ज्यादा फैल रही है। पशु पालक अपने पशु धन के बचाव को लेकर खुद से आयुर्वेदिक इलाज कर रहे हैं। पर उन्हें अब तक इसका काेई लाभ नहीं मिल रहा है।
बोले पशुपालन पदाधिकारी -
जिले के पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि पशुओं में बीमारी फैलने की कोई सूचना नहीं है। अभी टीकाकरण नहीं हो रहा है। यदि किसान अस्पताल जाएंगे तो उनके पशुओं का इलाज किया जाएगा। यदि धोरैया के देवडॉड़ में बीमारी फैली है तो वहां चिकित्स्कों को भेज का इलाज कराया जाएगा।