भाजपा नेताओं पर मुकदमा वापस नहीं लिया तो आंदोलन
चंपानगर की घटना में अर्जित चौबे सहित आठ पर मुकदमा करने पर जिला भाजपा ने नाराजगी जताई है।
भागलपुर। चंपानगर की घटना में अर्जित चौबे सहित आठ पर मुकदमा करने पर जिला भाजपा ने नाराजगी जताई है। भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा है कि इस घटना में पार्टी के नेताओं पर किया गया मुकदमा दो दिनों में वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को पत्रकार सम्मेलन में जिला अध्यक्ष के साथ महामंत्री मुकेश सिंह, उपाध्यक्ष दिलीप निराला व संतोष कुमार, मीडिया प्रभारी रोशन सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिनव कुमार तथा पवन चौधरी ने कहा कि शोभा यात्रा शहर में भ्रमण किया। पुलिस पदाधिकारी शोभा यात्रा के मार्ग में यातायात नियंत्रण कर रहे थे। पूरे मार्ग में उनलोगों की यात्रा को कहीं भी नहीं रोका गया।
भाजपा ने यह सवाल किया कि अगर अनुमति लिखित प्राप्त नहीं की तो उनलोगों को किसी ने रोका भी नहीं। कहा कि प्रशासन अपनी नाकामी को छिपाने के लिए सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास कर रहा है। कहा कि असमाजिक तत्वों को नहीं पकड़ कर भाजपा के नेताओं को गिरफ्तार करने की साजिश रची जा रही है। स्थानीय प्रशासन नीतीश-मोदी की सरकार पर दाग लगाने का प्रयास कर रही है। जिसे पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। कहा गया कि न्याय के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि शीघ्र ही पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पटना से आएगा। कहा कि संगठन के नेताओं के माध्यम से सरकार के कई मंत्री भी इस पर नजर रख रहे हैं। कहा कि अगर स्थानीय प्रशासन सक्षम होती तो यह घटना ही नहीं घटित होती। कहा कि शहरी क्षेत्र के कई चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगा है। जिसमें यह देखा जा सकता है कि किसके हाथ में हथियार है। जब कि चंपानगर में ही फोटो वायरल हुआ है जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में हथियार है। रोहित ने कहा कि यह घटना सांप्रदायिक नहीं है। यह पूरी तरह से असमाजिक तत्वों के द्वारा अंजाम दिया गया है। कहा कि यह पता करना चाहिए कि सैलून संचालक जितेंद्र ठाकुर पर बम फेकने वाला कौन है, डीएसपी का बॉडी गार्ड कैसे घायल हुआ।