सिल्क सिटी में बनेगा सूबे का पहला एस्ट्रो टर्फ मैदान
भागलपुर । सिल्क सिटी में सूबे का पहला एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाया जाएगा। जिसके बाद यहां भी अंतर
भागलपुर । सिल्क सिटी में सूबे का पहला एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाया जाएगा। जिसके बाद यहां भी अंतरराष्ट्रीय मानक पर हॉकी का खेल होगा। सूबे के हॉकी खिलाड़ियों की प्रतिभा का निखारने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इसे लेकर रविवार को भागलपुर आए हॉकी इंडिया के महासचिव मुस्ताक अहमद ने खेल संघ के प्रतिनिधियों से विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार में नेशनल प्रतियोगिता तभी संभव है जब यहां टर्फ मैदान हो। पटना में टर्फ मैदान का शिलान्यास किया गया था पर पांच वर्ष बाद भी निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। अब अगर भागलपुर में यह बन जाता है तो सूबे के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।
किया आमंत्रित
इधर, टीएमबीयू के पूर्व क्रीड़ा सचिव पवन पोद्दार व वर्तमान सचिव डॉ. तपन कुमार घोष ने महाविद्यालयों के खेल मैदानों में हॉकी के लिए एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाने के लिए आमंत्रित किया। इस पर हॉकी इंडिया के महासचिव मुस्ताक ने कहा कि विश्वविद्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल जाए तो हॉकी इंडिया के माध्यम से सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। स्टेडियम का निर्माण अरबन डेवलपमेंट स्कीम के तहत कराया जाएगा। स्टेडियम में कम से कम पांच हजार लोगों के बैठने की जगह होगी। इसके अलावा वहां चेंजिंग रूम, स्टोर, एरिना, टर्फ आदि भी बनाया जाएगा।
इधर, हॉकी भागलपुर के अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सिन्हा ने स्टेडियम निर्माण के लिए मुस्ताक अहमद को प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास पर्याप्त जमीन है। जितनी जरूरत हो उतना भूखंड स्टेडियम के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। जिसके बाद मुस्ताक अहमद ने बिहार हॉकी टीम के कोच रवि रोशन को सर्वे करने का निर्देश दिया। सर्वे के उपरांत स्टेडियम निर्माण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।