पूर्णिया में कचिया से गोदकर युवती की हत्या
बलुआ गोस्तरा पंचायत के बिजवार निवासी मु. आबिद की पुत्री खुशबू बेगम (15) की कचिया से गोदकर हत्या कर दी गई है।
पूर्णिया। बलुआ गोस्तरा पंचायत के बिजवार निवासी मु. आबिद की पुत्री खुशबू बेगम (15) की कचिया से गोदकर हत्या कर दी गई है। उसका शव शुक्रवार को घर एक किलोमीटर दूर पटुआ के खेत में मिला है। परिजन के अनुसार खुशबू गुरुवार शाम में चार बजे घास काटने कचिया और बोरा लेकर निकली थी। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन ने खोजबीन शुरू की। शुक्रवार सुबह खेत में खुशबू का शव मिला। काफी बेरहमी से उसकी हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही अनगढ़ थानाध्यक्ष मदन कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले को लेकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध अनगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।