गोड्डा के जलवा खंजर भागलपुर में पकड़ाया, 15 वर्षों से था फरार, उम्रकैद की सजा काटकर निकला था जेल से बाहर
झारखंड का कुख्यात अपराधी जलील मिया उर्फ जलवा खंजर भागलपुर से गिरफ्तार हो गया है! वह 15 वर्षों से फरार था। लोदीपुर में 2005 में हुई हत्या में उसे उम्रकैद की सजा मिली थी। गोड्डा पुलिस भी उसे चार संगीन कांडों में तलाश कर रही थी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। झारखंड के गोड्डा जिले में कभी कुख्यात रहे जलील मिया उर्फ जलवा उर्फ खंजर को भागलपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात इशाकचक से गिरफ्तार कर लिया। जलवा खंजर को भागलपुर पुलिस ने गोड्डा पुलिस के हवाले कर दिया। वह 15 सालों से फरार चल रहा था। भागलपुर एसएसपी बाबूराम के निर्देश पर इशाकचक इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने पुलिस बलों के सहयोग से उसे इशाकचक-लोदीपुर थानाक्षेत्र से सटे इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध गोड्डा जिले के पथरगामा समेत अन्य कई थाने में केस दर्ज हैं। हत्या समेत अन्य कई मामले दर्ज हैं। गोड्डा पुलिस इसे तलाश रही थी।
तकनीकी निगरानी में जलील के भागलपुर में होने की जानकारी पर गोड्डा पुलिस ने भागलपुर पुलिस से संपर्क साधा था। जलील गोड्डा जिले के परसा तेनुवारा का रहने वाला है। उसके विरुद्ध हनवारा थाने में हत्या,डकैती समेत चार संगीन कांड दर्ज है। भागलपुर के लोदीपुर में 2005 में लोदीपुर के इच्छाधारी गांव में एक रिक्शाचालक की हत्या कर शव को फेंक देने का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में उम्रकैद की सजा काट चुका है।
अज्ञात ने गोली मारकर युवक को किया घायल
संवाद सूत्र, सुल्तानगंज : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या नौ कासिमपुर में देर रात गोली चलने की घटना सामने आई है। जिसमें एक 17 वर्षीय युवक जख्मी हुआ है। घायल युवक की पहचान वार्ड संख्या 09 निवासी विजय दास के 17 वर्षीय पुत्र जादू कुमार के रूप में हुई है। गोली बाएं पैर में लगी है, जिससे वह बुरी तरह जख्मी है। गोली लगते ही युवक की मां माया देवी अपने बेटे को लेकर रेफरल अस्पताल आई जहां इलाज कराया गया। घायल युवक ने बताया कि कासिमपुर नाथबाबा थान मंदिर पर बैठे थे। तभी तीन लोग आए और गोली चला दिया। गोली चलाने वाले को हम नही पहचानते है। पूरे मामले को लेकर थानाध्यक्ष लाल बहादुर ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।