प्रेमी के घर धरना पर बैठी प्रेमिका, खुदकुशी की कोशिश, स्थिति गंभीर
बांका के अमरपुर में प्रेमी की बेवफाई से विचलित होकर प्रेमिका उसके घर पर पहुंच गई। जब प्रेमी घर से बाहर नहीं निकला तो उसने खुदकुशी करने की कोशिश की।
बांका, जेएनएन। प्रेमी की बेवफाई से विचलित प्रेमिका ने गुरुवार को उसके घर पर जाकर धरना दे दिया। प्रेमिका के अनुरोध के बाद भी जब प्रेमी घर से बाहर नहीं निकला तो प्रेमिका ने पास की दुकान से एक मुटठी डीएपी खाद खाकर जान देने की कोशिश की। लड़की को चिंताजनक स्थिति में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।
करीब एक घंटे तक लड़की का धरना जारी रहा। मामला वार्ड संख्या 12 के कसेरा धर्मशाला के समीप का है। लड़की ने बताया कि वह बालिग है और इंटर में पढ़ रही है। पिछले दो वर्ष से वह विक्की पोद्दार से बात करती है। लड़की का कहना है कि विक्की ने उससे शादी कर ली है और दोनों के बीच अंतरंग संबंध हैं। लड़की ने बताया कि उसके घर वालों ने मामले की जानकारी मिलने पर उसके साथ मारपीट की। लड़की के अनुसार विक्की उसकी जरूरतों को पूरा करता रहा है।
मुहल्ले के लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो विक्की उससे मुंह मोडऩे लगा। इस कारण वह अपना प्यार हासिल करने के लिए लड़के के घर के पास पहुंची। पीडि़ता ने बताया कि विक्की असरगंज निवासी अपने ममेरे भाई के कमरे में उसे बुलाता था। वहीं उसने उसकी मांग में सिंदूर डाला है।
सूचना पर दारोगा जमशेद खान ने मौके पर पहुंचकर युवती को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती किया। डॉ. सुधा कुमारी ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है बुधवार की रात लड़की शिकायत करने के लिए थाना भी पहुंची थी, लेकिन कुछ लोगों ने उसे समझाकर घर भेज दिया।
वहीं, क्षेत्र के लोग दोनों पक्षों को समझाने में जुटे हैं। लोगों का मनना है कि दोनों के बीच के रिश्ते को परिवारिक स्वीकृति मिलनी चाहिए। पुलिस भी दोनों पक्षों से बात कर रही है।