गंगा में लीजिए नौका विहार का आनंद, उद्घाटन के लिए आ रहे डिप्टी सीएम
नौका विहार के दौरान लोगों को जलीय जीव एवं प्रवासी पक्षियों की जानकारी देने के लिए नाव पर पर्यावरणविद् भी रहेंगे। वे जलीय जीव व प्रवासी पक्षियों की महत्ता की जानकारी देंगे।
भागलपुर (अमरेन्द्र कुमार तिवारी)। पर्यावरण के प्रति लोगों को संजीदा बनाने के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग 20 नवंबर से गंगा में नौका विहार कराने जा रहा है। नौका विहार भागलपुर मुसहरी घाट से शंकरपुर के बीच होगा। इसके लिए 50 रुपये की टिकट निर्धारित किया गया है। दो घंटे के इस सफर में लोग गंगा की जैव विविधता का आनंद ले सकेंगे। इसका उद्धाटन उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी करेंगे।
डीएफओ एस. सुधाकर ने बताया कि इको टूरिज्म के तहत नौका विहार के लिए 15 लाख रुपये की लागत से एक मोटर बोट खरीदा गया है। यह आधुनिक संसाधनों से लैस है। इसमें एक साथ 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
डॉल्फिन व प्रवासी पक्षियों को देखने का मिलेगा मौका
दो घंटे के नौका विहार में लोगों को जलीय जीव डॉल्फिन सहित प्रवासी पक्षियों को भी देखने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही पर्यावरण की सुरक्षा में उन जीवों व पक्षियों का क्या महत्व है इस बात को जानने का अवसर भी मिलेगा।
पर्यावरणविद् भी रहेंगे साथ
नौका विहार के दौरान लोगों को जलीय जीव एवं प्रवासी पक्षियों की जानकारी देने के लिए नाव पर पर्यावरणविद् भी रहेंगे। वे जलीय जीव व प्रवासी पक्षियों की महत्ता की जानकारी देंगे। डीएफओ ने कहा कि आवश्यकता हुई तो पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रकाशित लीफ व पुस्तकें भी नौका में बांटी जाएंगी।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विक्रमशिला प्राचीन विश्वविद्यालय को देखने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भागलपुर होकर कहलगांव जाते हैं। लेकिन भागलपुर में गंगा घाटों पर उचित नौका विहार का साधन नहीं होने से सैलानी यहां के विशेष जलीय जीवों और उसकी विशेषता को नहीं जान पाते थे। इको टूरिज्म शुरू होने पर बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी इसका लाभ उठाएंगे। इससे भागलपुर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।