JLNMCH: सात घंटे के अंदर चार कोरोना मरीजों की मौत, एक दिन पहले भी दो की जा चुकी है जान
मरने वालों में भागलपुर के दो और बांका एवं साहिबगंज (झारखंड) के एक-एक मरीज शामिल। अब तक अस्पताल में 92 कोरोना मरीज दम तोड़ चुके हैं।
भागलपुर, जेएनएन। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को भी सात घंटे के अंदर कोरोना संक्रमित चार मरीजों की मौत हो गई। इनमें भागलपुर जिले के दो और बांका एवं साहिबगंज (झारखंड) के एक-एक मरीज शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को दो मरीजों की मौत हो गई थी। ये मरीज नवगछिया और साहिबगंज (झारखंड) के एक मरीज शामिल थे। इन लोगों की अस्पताल में मौत होने से लोग सहमे हुए हैं।
18 सितंबर को साहिबगंज की महिला को कराया गया था भर्ती
साहिबगंज की महिला (29 वर्ष) को 18 सितंबर को आइसीयू में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान 12 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, नाथनगर की 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की शाम छह बजे मौत हो गई। उसे नौ सितंबर को भर्ती किया गया था। इसके अलावा पीरपैंती के 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को इमरजेंसी में 18 सितंबर को भर्ती किया गया था। एंटीजन किट से जांच किए जाने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनकी मौत शाम सात बजे हुई, जबकि बांका बेलहर के 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत भी शाम साढ़े सात बजे आइसीयू में हो गई। उन्हें 19 सितंबर को आइसीयू में भर्ती किया गया था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक भगत ने बताया कि सभी की स्थिति गंभीर थी, ऑक्सीजन पर रखा गया था। चिकित्सक उनकी नियमित रूप से जांच कर रहे थे।
अबतक 92 कोरोना मरीजों की मौत
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में अबतक 92 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें भागलपुर के 47 लोग शामिल हैं। इसके अलावा बांका, जमुई, कटिहार, खगडिय़ा, किशनगंज, मुंगेर, नालंदा, पूर्णिया, वैशाली, लखीसराय के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। वहीं, रविवार को अस्पताल में चार लोगों की मौत के बाद लोगों में दशहत है। हालांकि, हाल के दिनों में शहर में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है।