विभिन्न दलों के वरीय नेताओं ने किया फिल्म सिटी का शिलान्यास, बोले-सुशांत की हत्या की जांच NIA से हो
जिले में सुल्तानगंज में सुशांत सिंह राजपूत फिल्म सिटी का शिलान्यास किया गया। इस फिल्म सिटी के निर्माण के बाद यहां के युवाओं को वृहत पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
भागलपुर, जेएनएन। जिले के सुल्तानगंज प्रखंड मुख्यालय से सटे अब्जूगंज पंचायत के कसमाबाद में भारतीय सबलोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो.अरुण कुमार, प्रदेश अध्यक्ष रेणु कुशवाहा, जागो हिंदुस्तान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्यासागर मंडल, गरीब जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक झा तथा भारतीय सबलोग पार्टी से सुल्तानगंज विधानसभा के नेता रवि सुमन कुमार उर्फ अरुण मंडल ने संयुक्त रुप से फीता काट कर सुशांत सिंह राजपूत फिल्म सिटी का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरीय पदाधिकारियों का भारतीय सब लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुके देकर एवं फूल माला पहनाकर स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सबलोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नरमी के कारण पिछले एक माह तक सुशांत सिंह राजपूत मामले में केस दर्ज नहीं किया गया। अब जब प्राथमिकी दर्ज की गई और बिहार पुलिस की टीम मुंबई पहुंच कर जांच करना चाह रही है तो उन पुलिस पदाधिकारियों को जबरन क्वारंटाइन कर दिया गया। इसलिए हम मांग करते हैं कि सुशांत सिंह राजपूत मामले की सीबीआइ से जांच न करा कर एनआइए से जांच कराई जाए।
वहीं उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व भारत के बिहार में पहली फिल्म सिटी बनने जा रही है। इस फिल्म सिटी के निर्माण के बाद यहां के युवाओं को वृहत पैमाने पर रोजगार मिलेगा। इसके निर्माण के बाद अमीर हो या गरीब किसी की कला को दबाया नहीं जा सकेगा। जिसमें जितनी काबिलियत होगी वह आगे मुकाम हासिल कर सकेगा। सबलोग पार्टी के नेता रविसुमन कुमार ने कहा कि बिहारी प्रतिभाओं को इस फिल्म सिटी से विस्तृत आकाश मिलेगा। इस मौके पर सिंटू कुमार, कुलभूषण कुमार, भोला यादव सीता पासवान, डॉ नूतन सिन्हा सहित दर्जनों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।
शिलान्यास के अवसर पर उपस्थित अन्य लोगों ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की हत्या हुई है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हत्यारे की शीघ्र पकड़ा जाए। सभी ने एक स्वर से कहा कि हत्या में राजनीति ना करते हुए उन्हें न्याय दिलानी चाहिए।