पूर्व CM मांझी ने कहा 'मुसहर का बेटा है मैं जो कहूंगा वही करेगा'... यह थी नीतीश की सोच मेरे बारे में Bhagalpur News
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि सरकार या सत्ता में वापस आने पर वे अपने एजेंडे को लागू करेंगे। उनकी पार्टी नाथनगर से चुनाव लड़ेंगी।
भागलपुर [जेएनएन]। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भागलपुर में केन्द्र और राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनविरोधी है। गरीबों के हित के लिए इनके पास कोई योजना नहीं है। सरकार पूंजीपतियों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को लगा था कि हमें मुख्यमंत्री बनाकर वे जो चाहेंगे हम करवा लेंगे। यह उनकी सोच थी। यानी मुख्यमंत्री मैं रहूं और परदे से पीछे से नीतीश सरकार चलाते रहे। यह कैसे संभव हैं। मैंने भी दिखा दिया। मुख्यमंत्री रहते मैंने गरीबों व किसानों के हित में काम करना शुरू किया। यह काम नीतीश को अच्छी नहीं लगी। फिर उन्होंने जो किया वह सबको मालूम है।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी का मानना है कि सरकार या सत्ता में वापस आने पर वे अपने एजेंडे को लागू करेंगे। किसी गठबंधन में शामिल होने पर उनकी पहली शर्त होगी कि सरकार में आने पर उनके एजेंडे को लागू किया जाए। इस शर्त को जो मानेगा उसके साथ ही वे रहेंगे। भागलपुर में नाथनगर विधानसभा उपचुनाव की दृष्टि से मांझी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी जगदीशपुर थाना क्षेत्र में बैठक भी की।
मांझी टीएनबी कॉलेज प्राचार्य आवास में बुद्धिजीवियों के सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए वे जो कार्य नहीं कर सके, उसे वे पूरा करना चाहते हैं। सीएम के कार्यकाल में उनके द्वारा लिए गए निर्णयों की काïफी सराहना हुई थी। सभी वर्गों के विकास के लिए उन्होंने काम किया था। सम्मेलन में उन्होंने अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी। कहा कि बहुत काम किए और अभी करना बाकी है। मौका मिलने पर वे सबकुछ करेंगे। वित्त रहित शिक्षकों के कल्याण करने की भी बात उन्होंने कही। होमगार्ड, संविदा पर नियुक्त शिक्षकों के विषय में भी उन्होंने जानकारी दी। अपने जीवन के अनुभव भी उन्होंने साझा किया। पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा कि सामाजिक न्याय के तहत बहुत कुछ करना रह गया है। इसके पूर्व मांझी का स्वागत प्राचार्य आवास में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संजय कुमार चौधरी ने की।
परबत्ती नया टोला में समाजसेवी महेश राय ने स्वागत किया। वे महादलित परिवार के सदस्यों से मिले। यहां उनका अभिनंदन और स्वागत किया गया। बौद्धिक सम्मेलन में पूर्व कुलपति डॉ. क्षेमेंद्र कुमार सिंह, एसएम कॉलेज की प्राचार्य डॉ.अर्चना ठाकुर, डॉ.मनोज कुमार, डॉ. रतन मंडल, संजय कुमार झा, अरविंद कुमार सिंह सहित शहरी क्षेत्र के रहने वाले अधिकांश प्राध्यापक थे।
नाथनगर विधानसभा अजय राय होंगे उम्मीदवार
जगदीशपुर के खीरी बांध पंचायत अंतर्गत रिक्शाडीह में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि नाथनगर विधानसभा से हमारी पार्टी ने उप चुनाव लडऩे के लिए दावेदारी पेश की है। अगर हमारी पार्टी यहां से चुनाव लड़ेगी तो भागलपुर जिला के महासचिव सह खीरीबांध पंचायत के मुखिया अजय राय यहां से चुनावी मैदान में उतरेंगे, जिन्हें आप लोग जिताने का काम करेंगे। ये जीतेंगे तभी गरीबों के हित का काम हो पाएगा। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुझे यह सोचकर मुख्यमंत्री बनाया था कि यह मुसहर का बेटा है मैं जो कहूंगा वही करेगा। हमने अच्छा काम किया परंतु उन्हें अच्छा नहीं लगा। मांझी ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं फेल होती नजर आ रही हैं।