खगड़िया में युवक के ऊपर फायरिंग: पहले भी हो चुकी हैं परबत्ता में घटनाएं, दहशत में दुकानदार
बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता बाजार में सरेआम युवक पर गोलीबारी के बाद दुकानदार और व्यवसायी दहशत में हैं। इससे पहले भी इस बाजार में कई घटनाएं हो चुकी है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन ने चौकसी नहीं बढ़ाई है जो बड़ा सवाल खड़े कर रहा है।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): परबत्ता बाजार में बीते शुक्रवार की शाम सरेआम बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर गोली चलाई। हालांकि इस घटना में कन्हैयाचक के 24 वर्षीय राहुल कुमार बाल-बाल बच गए। अपराधी खुलेआम गोली चलाकर हथियार लहराते हुए भाग निकले। अपराधी तीन की संख्या में थे। इस घटना बाद से व्यवसायियों में दहशत है। समाचार लिखे जाने तक एक भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
बाजार वासियों के अनुसार पूर्व में भी इस तरह की घटना हुई थी। व्यवसायियों के ऊपर गोलीबारी, अपहरण तक की घटना बाजार में घट चुकी है। इधर बीते शुक्रवार को बाजार आए युवक के ऊपर जिस तरह से बाइक सवार अपराधियों ने गोली चलाई, उससे बाजार में दहशत है। वर्षों पहले परबत्ता बाजार से दुकान बंद कर घर लौट रहे एक किरानी व्यवसायी का अपहरण अपराधियों ने कर लिया था।
हालांकि, पुलिस की तत्परता से उक्त व्यवसायी सकुशल वापस लौटे। वर्ष 2018 में हार्डवेयर व्यवसायी के ऊपर अपराधियों ने परबत्ता बाजार में गोली चलाई थी। उस घटना में भी हार्डवेयर व्यवसायी बाल-बाल बच गए थे। चार जनवरी 2021 को परबत्ता बाजार में दिनदहाड़े एक सब्जी विक्रेता लेनिन नगर, तेमथा निवासी वकील मंडल को गोली मारकर अपराधी ने मौत की नींद सूला दी थी। हालांकि सब्जी व्यवसायी को गोली मारने वाला उनका रिश्तेदार ही था। पुलिस ने उसे तत्क्षण ही पकड़ कर सलाखें के अंदर कर दिया था।
शुक्रवार को बाजार आए कन्हैयाचक के युवक राहुल कुमार पर की गई गोलीबारी ने उपरोक्त घटनाओं की यादें ताजा कर दी है। परबत्ता थाना अध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने कहा कि अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी। इधर, व्यवसायियों ने बाजार में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है।
राहुल के ऊपर गोलीबारी मामले में तीन पर केस दर्ज
परबत्ता बाजार स्थित परबत्ता व्यापार मंडल के पास एक युवक राहुल कुमार के ऊपर बीते शुक्रवार की संध्या अपराधियों ने जानलेवा हमला किया। इस मामले में तीन लोगों पर परबत्ता थाना में केस दर्ज किया गया है। गोली से जख्मी युवक कन्हैयाचक गांव के राहुल कुमार के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है। जिसमें श्रीरामपुर ठुठी गांव के सन्नी कुमार, रोहित कुमार और नयागांव- सतखुट्टी के मुरली सिंह को आरोपित किया गया है। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने की है। मालूम हो कि राहुल बाल बनवाने सैलून आया था। वह सैलून के पास खड़ा था। उसी समय बाइक पर सवार तीन अपराधियों में से एक ने राहुल पर गोली चला दी। गोली उसके चेहरे के पास से गुजरी। बारुद से वह जख्मी है। उसका इलाज परबत्ता सीएचसी में किया गया।