कूड़ा गिराने का विरोध, महिला वार्ड पार्षद और उनके प्रतिनिधियों को पीटा
भागलपुर के वार्ड 48 की पार्षद कुमारी कल्पना और उनके प्रतिनिधि की जमकर पिटाई हो गई। दोनों ने इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग की।
भागलपुर, जेएनएन। इशाकचक इलाके के पानी टंकी के समीप कूड़ा गिराने के विवाद में कुछ लोगों ने महिला पार्षद व उनके प्रतिनिधि की सोमवार को जमकर पिटाई कर दी। कुमारी कल्पना वार्ड 48 की पार्षद हैं, जबकि सिकंदर शर्मा उनके प्रतिनिधि हैं। पार्षद ने मारपीट का आरोप वहीं के पुतुल यादव और प्रदीप यादव पर लगाया है। उन्होंने मामले की शिकायत इशाकचक थाने में दर्ज कराई है। घटना की जांच के लिए इशाकचक इंस्पेक्टर संजय कुमार सुधांशू मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने केस दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
कूड़ा डंप करने की बात के लेकर शुरू हुआ विवाद
पार्षद ने बताया कि सुबह उनकी महिला सफाई कर्मी पूनम देवी ने फोन कर कहा कि उक्त आरोपित उन्हें गाली गलौज कर रहे हैं। जबकि सफाईकर्मी बंटी बांसफोड़ को खदेड़ दिया। इस बात पर वे अपने प्रतिनिधि के साथ पानी टंकी के पास पहुंची। उन्होंने बताया कि वहां काफी पहले से वार्ड का कूड़ा डंप किया जाता है। लेकिन सोमवार को आरोपितों ने इसका विरोध कर दिया। वहां कूड़ा नहीं गिराने दिया। आरोपित वहां कूड़ा गिराने से मना करने लगे। सफाईकर्मियों को गाली गलौज करने का जब विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी डंडे से उन पर हमला कर दिया। बीच बचाव में आए उनके प्रतिनिधि की भी पिटाई कर दी।
पुलिस से पार्षद ने मांगी सुरक्षा
यह देख काफी संख्या में लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। किसी तरह स्थानीय लोगों ने मामले को शांत कराया। इसके बाद घायल पार्षद अपने प्रतिनिधि के साथ इशाकचक थाने पहुंचे। वहां से पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। दोनों का मारपीट में सिर फट गया है। पार्षद ने इसकी जानकारी मेयर सीमा साहा, डिप्टी मेयर राजेश वर्मा व नगर आयुक्त जे प्रियदर्शिनी को भी दिया है। उनके मुताबिक प्रदीप उनका चुनावी प्रतिद्वंदी है, इस कारण अक्सर उन लोगों से उलझता रहता है। पूर्व में भी कई बार स्वजन को हानि पहुंचाने का प्रयास किया। इस बार भी आशंका है कि वह कहीं कुछ अहित ना कर दें। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।