पिता ने दौड़ा-दौड़ाकर लाठी से पीटकर बेटे को मार डाला, गिरफ्तार पिता ने कही यह बड़ी बात
घटना के बाद मृतक की पत्नी और पिता ने एक दूसरे पर आरोप लगाया है। पिता ने कहा मेरा पुत्र नशे की हालत में अक्सर मारपीट करता था।
भागलपुर [जेएनएन]। मधुसूदनपुर इलाके के गनौरा बादरपुर गांव स्थित पासवानटोला में पिता ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर एक बेटे भुनेश्वर पासवान (36) को पीट पीटकर मार डाला। हमले में मृत बेटे की पत्नी भी घायल हो गई है। पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दो बेटे और उसके साथी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि पारिवारिक विवाद हुआ था। पैरू पासवान ने बड़े बेटे उमेश पासवान, गुलशन उर्फ गुलचा व पड़ोसी राजन पासवान व मिथुन पासवान के साथ मिलकर भुनेश्वर की पिटाई कर दी। भुनेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां भुनेश्वर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पत्नी के बयान पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता पैरू पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतक की पत्नी खुशबू देवी ने बताया कि भुवनेश्वर मजदूरी करता था। उसे तीन बच्चे हैं। रविवार की देर शाम बेटा ओम और उमेश का बेटा मयंक दोनों घर के आंगन मे खेल रहा था। तभी मयंक का हाथ किसी तरह टाट में फंस गया। इस पर उमेश ने मेरे बेटे ओम को उठाकर जमीन पर पटक दिया। बेटे को पटकने का विरोध करने पर उमेश ने उसके पति की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर लाठी डंडे से पीट कर अधमरा कर दिया। किसी तरह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ही पति को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात मौत हो गई।
उधर गिरफ्तार पिता ने बताया कि मेरे चार पुत्र है। जिसमें भुवनेश्वर तीसरे स्थान पर था। बड़े बेटे बुनेश्वर की दो साल पहले मौत हो गई थी। पैरू ने बताया कि मृतक भुवनेश्वर अक्सर शराब के नशे में घरवालों के साथ मारपीट करता था। रविवार की देर शाम भी वह शराब के नशे मे अपनी मां आशा देवी के साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर मुझे भी मारने लगा। मुझे बचाने आए दोनों बेटों के साथ भी वह भिड़ गया। जिसमें वह जख्मी हो गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप