किसानों को समृद्ध बनाना सीमा का उद्देश्य, बता रहीं कैसे करें वैज्ञानिक तकनीक से खेती
जिला कृषि विभाग के अधीन कहलगांव में कृषि समन्वयक के रूप में कार्य कर रही सीमा कुमारी किसानों को आय बढ़ाने की पाठ पढ़ा रही हैं। किसानों को वैज्ञानिक कृषि के बारे में बता रही हैं।
भागलपुर (जेएनएन)। जिला कृषि विभाग के अधीन कहलगांव प्रखंड में कृषि समन्वयक के रूप में कार्य कर रही सीमा कुमारी किसानों को आय बढ़ाने की पाठ पढ़ा रही हैं। दिन-रात पूरे परिवार के साथ खेतों में काम करने वाले किसानों की बदहाल स्थिति को देख सीमा उन्हें वैज्ञानिक कृषि के बारे में बता रही हैं। सीमा के पढ़ाए पाठ के बल पर आज कहलगांव के करीब पांच सौ किसानों ने अपने खेतों में साल भर में एक बार दलहन का फसल लगाना शुरू कर दिया है।
वे नियमित रूप से खेतों की मिट्टी की जांच करा रहे हैं। उन्होंने सफल व वैज्ञानिक खेती के लिए बाजार मांग के अनुरूप वर्ष भर के लिए कार्ययोजना बना रखी है। वे अब अपने खेतों में फसल चक्र का महत्व भी खुद प्रयोग करके समझ गए हैं। सीमा किसानों को उपज बढ़ाने के लिए बीज की किस्म बदलने, खुद उन्नत बीज उपजाने एवं जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
किसान सजग हुए हैं और सरकार की अनुदानित योजना का लाभ उठाकर 25 किसानों ने मुर्गीपालन और 35 ने पशुपालन शुरू किया है। इसके पूर्व सीमा सुल्तानगंज में कार्यरत थीं। वहां गनगनियां में इनके प्रयास से किसानों ने प्याज की खेती को अपनाया। आज इलाके में एक हजार किसान प्याज की सफल खेती कर रहे हैं।