संभलकर रहें : धुंध और ठंड की चपेट में जिला, पारा 8.3 पर
बीते चार दिनों में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम पारा 28.0 डिग्री सेल्सियस से लुढ़क कर 25 पर पहुंच गया है।
भागलपुर [जेएनएन]। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बीते चार दिनों से बदलाव आया है। सामान्य गति से चल रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी व सूखी हवा ने पूरे जिले को ठंड के चपेट में ले लिया है। हालांकि मंगलवार की तुलना में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान पर नजर डाले तो बुधवार को मामूली गिरावट आई है। बुधवार को बीएयू में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 25 एवं 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
जबकि हवा में नमी की मात्रा 91 फीसद बनी रही। हवा औसतन 1.2 किलोमीटर प्रतिघंटा उत्तरी-पश्चिमी चल रही है। क्षेत्रीय मौसम निदेशक पटना के मौसम वैज्ञानिक ने पूर्वानुमान में बताया है कि गुरुवार की सुबह भी धुंध होगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। तापमान में थोड़ी बहुत उतार-चढ़ाव हो सकती है।
बुधवार वर्ष का सर्वाधिक ठंडा दिन
बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी के अनुसार बुधवार इस मौसम का सर्वाधिक ठंडा दिन रहा। बीते चार दिनों में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम पारा 28.0 डिग्री सेल्सियस से लुढ़क कर 25 पर पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 8.3 पर रही।
दोपहर में खिली धूप
बुधवार को धुंध और सूर्य के बीच दिनभर आंख मिचौली का खेल चलता रहा। दोपहर में धूप खिल आने से लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली। पर शाम ढलते ही ठंड बढऩे के कारण लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए। सड़कों पर भी घर वापसी के लिए लोगों में बैचेनी दिखी। हर कोई शाम होने के पूर्व ही ठंड से बचाव के लिए घर पहुंच को आतुर थे।
सड़कों पर रेंगने लगी गाडिय़ां
देर रात से लेकर सुबह तक धुंध बढ़ जाने से सड़कों पर लोगों की जिंदगी अब ठहरने लगी है। फर्राटे भरने वाली गाडिय़ां कोहरा और धुंध के कारण थोड़ी धीरे चलने लगी है। अगर हवा की गति सुबह तक सामान्य रही तो कोहरा घना हो सकता है।
कृषि के लिए अनुकूल
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम कृषि वैज्ञानिक सुनील कुमार ने इस मौसम को रबी फसल के लिए फायदे मंद बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में फसल में कल्ले अधिक निकलते हैं और उत्पादन भी बेहतर होता है। खेतों में नमी बनी रहती है।
बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी-पश्चिमी सर्द हवा से मौसम का मिजाज बदला है। अगले दो दिनों में मौसम साफ हो जाने की उम्मीद है।