सिलेंडर ब्लास्ट में घायल JDU की Ex MLA नीता चौधरी की मौत, दिल्ली में चल रहा था इलाज
बिहार के तारापुर की पूर्व विधायक नीता चौधरी की दिल्ली में मौत हो गई। वे बीते 27 मई को घर में रसोई गैस जलाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट में बुरी तरह घायल हो गईं थीं।
भागलपुर [जेएनएन]। सिलेंडर ब्लास्ट में घायल जनता दल यूनाइटेड (JDU) की पूर्व विधायक नीता चौधरी (Neeta Chaudhary) की दिल्ली में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। पूर्व विधायक का इलाज दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल (Safdarjung Hospital) में चल रहा था। बीते 27 मई की देर रात रसोई गैस जलाने के क्रम में आग लगने से वे बुरी तरह झुलस गईं थीं। उन्हें बचाने के क्रम में उनके पति व जेडीयू विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी भी घायल हो गए थे।
नीता चौधरी साल 2010 में तारापुर से विधायक बनीं थीं। वे अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थीं। वर्तमान में उनके पति डॉ. मेवालाल चौधरी तारापुर से विधायक हैं।
ऐसे हुई थी दुर्घटना
विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी के स्टाफ अभिषेक ने बताया कि 27 मई की रात करीब 11.45 बजे रसोई घर में रखे सिलेंडर के गैस रिसाव होने लगा। उन लोगों ने विधायक और उनकी पत्नी को जगाया। पत्नी-पत्नी रसोई घर पहुंचे और बल्ब जलाकर गैस को बंद कर दिया। इसके बाद नीता चौधरी लाइटर जलाकर देखने लगीं। लाइटर जलाने के कारण गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया। इस घटना में नीता चौधरी बुरी तरह झुलस गईं। उन्हें बचाने के क्रम में मेवालाल चौधरी के दोनों हाथ जख्मी हो गए।
93 फीसद झुलस गईं थीं पूर्व विधायक
घायल दंपती को उसी रात तकरीबन डेढ़ बजे बजे भागलपुर के मायागंज में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि नीता चौधरी 93 फीसद झुलस गईं थीं। गंभीर हालत देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। बाद में स्थिति बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में ले जाया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप