पित्त की थैली में स्टोन होने का खतरा, जानें... चिकित्सक क्या बता रहे इसके कारण और उपाय Bhagalpur News
ज्यादा पानी पीने नींबू का रस नारियल पानी अनानास केला और गाजर खाने से पेशाब की नली में होने वाले स्टोन को रोका या कम किया जा सकता है।
भागलपुर [जेएनएन]। दैनिक जागरण कार्यालय में प्रश्न पहर का आयोजन किया गया। इस दौरान जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के सर्जरी विभाग में पदस्थापित सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रदीप कुमार बजाज ने फोन के माध्यम से पाठकों के सवालों का समाधान किया। उन्होंने कहा कि रिफाइन तेल और घी का ज्यादा सेवन करने से खून में कॉलेस्ट्राल की मात्रा बढ़ जाती है। इससे बाइल एसिड की मात्रा कम होने से पित्त की थैली में स्टोन होने की आशंका बढ़ जाती है। इसका इलाज ऑपरेशन है। इस कारण ज्यादा तेल और घी के सेवन से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ज्यादा पानी पीने, नींबू का रस, नारियल पानी, अनानास, केला और गाजर खाने से पेशाब की नली में होने वाले स्टोन को रोका या कम किया जा सकता है। शुरुआती दौर में स्टोन का आकार छोटा होता है। कुर्थी का पानी पीने और थोड़ा उपचार से स्टोन गलने लगेगा। डॉ. बजाज ने कहा कि ज्यादातर लोगों में बवासीर वंशानुगत होता है। इसके अलावा कब्ज, बार-बार शौच होना, पेशाब करने में रुकावट बवासीर के शुरुआती लक्षण हैं। गर्भवती महिला को बवासीर होने की आशंका ज्यादा होती है, लेकिन प्रसव के बाद बीमारी ठीक हो जाती है। वहीं कब्ज, पेशाब में रुकावट, लंबे समय तक खांसी होने और पेट के भीतरी हिस्से में ज्यादा दबाव और ध्रुमपान से हार्निया हो सकता है।
प्रश्न : पित्त की थैली में स्टोन है। क्या परहेज करें।
संतोष कुमार, अकबरनगर
तेल और घी वाले भोजन से परहेज करें। भोजन एक बार में भरपेट नहीं करें, थोड़ा-थोड़ा खाएं। गैस्टिक है तो दवा का सेवन करें।
प्रश्न : बवासीर का ऑपरेशन सफल होता है या नहीं।
शैलेश, सुल्तानगंज
ऑपरेशन उस समय सफल होता है जब उपचार के बाद आप सुपाच्य भोजन करें। अगर खानपान में परहेज नहीं करेंगे तो फिर से बवासीर हो सकता है। कब्ज नहीं हो इसका ध्यान रखना आवश्यक है।
प्रश्न : एक किडनी खराब थी, उसे निकाल दिया गया है। अब कोई परेशानी तो नहीं होगी। मुझे यह जानकारी है कि किस वजह से किडनी निकाली गई।
किशन कुमार, पीरपैंती
अगर आपको रक्तचाप और मधुमेह नहीं है तो दूसरी किडनी की भी जांच कराते रहें। यह मन से निकाल दें कि आपकी एक किडनी नहीं है। तनाव में नहीं रहें। एक किडनी भी बाकी जिंदगी जीने के लिए काफी है।
प्रश्न : पेट में दर्द रहता है। दिन में दो-तीन बार शौच होता है। यह स्थिति पिछले दो माह से है।
रिंकू कुमार, बिहपुर
उत्तर : दिनचर्या को बदलें। रात 10 बजे तक सो जाएं। पानी ज्यादा पीएं। सुबह 45 मिनट तक टहलें। खाना में सलाद अवश्य खाएं।
प्रश्न : गैस्टिक है और हिचकी भी आती है। पेट में दर्द भी होता है।
राजेश साह, आदमपुर
उत्तर : सुबह नौ बजे तक नाश्ता कर लें। एक से दो बजे के बीच खाना खा लें। रात में भी नौ बजे तक खाना खा लें। तैलीय और मिर्च-मसालायुक्त खाना नहीं खाएं। कृमिनाशक दवा और गैस की दवा का सेवन करें। रोटी खाएं।
प्रश्न : खाना खाने के बाद शौच करने की इच्छा करने लगती है। पिछले 10 दिनों से ऐसा हो रहा है।
अमित राय, सुल्तानगंज
उत्तर : जब भी खाना खाएं हाथ को अच्छी तरह साबुन से धो लें। अंगुलियों से लेकर केहुनी तक की सफाई करें। दो-तीन दिनों में नाखुन काटे। नाखुन बढ़े रहने की वजह से उसमें गंदगी रहती है। बिना हाथ धोएं खाना खाने से गंदगी पेट में जाती है और संक्रमण होता है। स्वच्छ पानी पीएं। 400 एमजी का मेट्रोनिडाजोल एक सप्ताह तक खाएं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप