बिहार में दुष्कर्म: बिस्कुट देने के बहाने बच्ची को ले गया खंडहर में, फिर ड्राइवर ने की गंदी बात
भागलपुर के बरारी में आठ वर्षीया बच्ची के साथ 40 वर्षीय ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म। इस घटना ने शहर को शर्मसार कर दिया है। बदमाश बच्ची को बिस्कुट के बहाने खंडहर में ले गया था।
भागलपुर, जेएनएन। भागलपुर के बरारी इलाके में आठ वर्षीया बच्ची के साथ 40 वर्षीय ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म। इस घटना ने शहर को शर्मसार कर दिया है। इस मामले में पीडि़ता की मां ने महिला पदाधिकारी पूनम कुमारी झा के समक्ष बयान दिया, जिसमें उन्होंने आरोपित व बरारी के फेरी रोड निवासी विजय सोनार के विरुद्ध दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। बरारी पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पीडि़ता का पॉक्सो के विशेष न्यायालय में भी बयान कराया जाएगा।
पीडि़ता की मां ने दिया बयान
पीडि़ता की मां ने अपनी शिकायत में कहा है कि वे लोग अपने एक रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। वहीं पर उनकी बेटी खाना बनाने में मदद कर रही थी। इसी बीच रिश्तेदार के पड़ोस में रहने वाला विजय सोनार बेटी को बहला-फुसलाकर बिस्कुट देने के बहाने बाहर लेकर चला गया और स्कूल के एक खंडहर में दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसे डराया धमकाया और किसी से कुछ नहीं कहने को कहा। इसके बाद विजय ने उसको घर पहुंचा दिया।
तबीयत बिगडऩे पर मां को बताई आपबीती
दुष्कर्म के कारण रात में पीडि़ता की तबीयत बिगडऩे लगी। इसके बाद पूछताछ के बाद पीडि़ता ने अपनी मां सारी कहानी बताई। यह सुनते ही घर वाले सन्न रह गए। वे लोग घटना के बाद आरोपित के घर पहुंचे, लेकिन वह फरार हो गया था। इसके बाद स्वजन बच्ची को लेकर बरारी चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज कराया।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
बरारी इंचार्ज नवनीश कुमार ने आरोपित के घर वह अन्य ठिकानों पर कई बार छापेमारी की, लेकिन वह भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और भी इलाकों में दबिश दे रही है। घटना से बच्ची के स्वजन काफी आक्रोशित हैं। इस संबंध में भागलपुर के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि बच्ची की मां के बयान पर महिला पदाधिकारी ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।