चतुर्थवर्गीय कर्मियों की नियुक्ति के लिए DM ने फिर मांगी रिक्त पदों की सूची Bhagalpur News
जिला प्रशासन ने एक हजार अभ्यर्थियों का चतुर्थवर्गीय पदों के पैनल का प्रकाशन तीन जुलाई 2019 को किया था। अनुमानित रिक्ति के आधार पर रोस्टरवार पैनल का प्रकाशन किया गया।
भागलपुर [जेएनएन]। जिले में चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर विभागवार रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। डीएम प्रणव कुमार ने पिछले माह भी विभागों से रिक्त पदों की सूची मांगी थी। सूची मिलने के बाद डीएम की अध्यक्षता में 24 अगस्त को बैठक होगी। बैठक में जारी पैनल के आधार पर बहाली की जाएगी। विभागों को 24 अगस्त के पूर्व सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने एक हजार अभ्यर्थियों का चतुर्थवर्गीय पदों के पैनल का प्रकाशन तीन जुलाई 2019 को किया था। अनुमानित रिक्ति के आधार पर रोस्टरवार पैनल का प्रकाशन किया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को पद का अनुमोदित रोस्टर के अनुसार आरक्षणवार सूची उपलब्ध कराने को कहा है। कहा गया है कि अगर किसी कार्यालय में चतुर्थवर्ग का रोस्टर अनुमोदित नहीं है तो तत्काल सक्षम प्राधिकार से रोस्टर अनुमोदित कराते हुए रिक्ति की जानकारी उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन ने एक साल के लिए पैनल प्रकाशित किया है। हालांकि विरोध भी अभ्यर्थियों द्वारा किया जा रहा है।
इन विभागों से मांगी सूची : जवाहार लाल नेहरू चिकित्सा कॉलेज, अधीक्षण अभियंता भवन अंचल, असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य अंचल, जिला शिक्षा पदाधिकारी, एनएच और पथ निर्माण विभाग, अभियंत्रण महाविद्यालय, पशुपालन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक (शष्य), क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, राजकीय महिला औद्योगिक विद्यालय, लघु सिंचाई अंचल, लघु सिंचाई प्रमंडल, जिला फलेरिया पदाधिकारी, जिला कुष्ट निवारण पदाधिकारी, जिला भैक्टर बोर्न डिजिज नियंत्रण पदाधिकारी, सदर अस्पताल, एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय, जिला मलेरिया पदाधिकारी और ग्रुप कमांडर एनसीसी।