जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने भागलपुर में ग्रहण किया प्रभार, बताई अपनी प्राथमिकताएं
आज सुबह भागलपुर में जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने प्रभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सात निश्चय योजना और धान अधिप्राप्ति उनकी प्राथमिकता में रहेगी। साथ ही भू-अर्जन के कार्य में तेजी लाएंगे। विधि-व्यवस्था पर रहेगी नजर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। नए डीएम सुब्रत कुमार सेन ने पांच जनवरी को भागलपुर में अपना प्रभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि सात निश्चय योजना फेज टू, धान अधिप्राप्ति और विधि व्यवस्था उनकी प्राथमिकता रहेगी। भू-अर्जन के कार्य में तेजी लाएंगे। इसके लिए जो भी बाधाएं होंगी, उसे दूर किया जाएगा। इसके अलावा, पुल-पुलिया के बचे कार्यों और सड़क निर्माण में भी तेजी लाई जाएगी। विकास कार्यों की गति बढ़ाई जाएगी। रुके कार्यों को शुरू करेंगे। शहर और जिले का विकास तेजी से हो, इसपर लगातार काम कराएंगे।
डीएम ने कहा कि शहर में जाम की समस्या ने भी लोगों को निजात दिलाया जाएगा। यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। विधि व्यवस्था को भी दुरूस्त किया जाएगा। जिले में जो कार्य किसी कारणों से रुका हुआ है उसे भी जनहित में चालू कराया जाएगा। केंद्र एवं राज्य प्रायोजित योजनाएं समय पर पूरे होंगे ताकि लोगों को इसका सहजता से लाभ मिल सके।
डीएम ने कहा कि नए वर्ष पर जिले की सूरत बदलेगी। इसके लिए शहर के लोगों के साथ साथ राजनीति एवं सामाजिक संगठनों को भी सहयोग के लिए आगे आना होगा। सब के सहभागिता से ही जिले का विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जिले को धान अधिप्राप्ति के लिए जो भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे पूरा किया जाएगा। इसकी रोज मॉनीटरिंग होगी। जितनी भी सरकारी योजनाएं चल रहीं हैं, उसे समय से पूरा कराया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाया जाएगा। जन सरोकार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसमें किसी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पूर्व की भांति बेहतर ढंग से काम करेंगे। जिला प्रशासन को अपने कार्य से सहयोग करेंगे ताकि जिले में जनहित से जुड़ा सभी काम बेहतर ढंग से हो सके।