घर वालों ने कहा करेंगे दाह संस्कार तो ससुराल वाले दफनाने की बात पर अड़े, जानिए... पूरी कहानी Bhagalpur News
राजू के घर के लोग वहां पहुंचे और हिंदू रीति-रिवाज से शव का दाह-संस्कार करने पर अड़ गए। ससुराल पक्ष के लोगों ने शव देने से इन्कार कर दिया।
भागलपुर [जेएनएन]। धर्म परिवर्तन करने वाले एक युवक की मौत के बाद उसके शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्वजन दोनों ओर थे, यानी एक तरफ पिता का घर तो दूसरी ओर ससुराल।
मौत के बाद दाह-संस्कार या शव का दफन, इसी को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। हो-हंगामा बढऩे पर प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। नाथनगर थाना क्षेत्र के अबीर मिश्रा लेन (रामजानकी ठाकुरबाड़ी) निवासी स्व. मटरू यादव के पुत्र रवींद्र यादव उर्फ राजू उर्फ शमीम (27 वर्ष) ने चंपानगर चंपानगर विषहरी स्थान निवासी मु. फिरोज रंगरेज की पुत्री बीबी मोनिका से शादी की थी। इस शादी के लिए उसने धर्म परिवर्तन कर लिया था।
इससे राजू का परिवार खफा था और रिश्ता तोड़ लिया था। वह अपनी ससुराल में ही रहता था। दो दिन पूर्व उसमें डेंगू के लक्षण दिखे। उसे इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, मायागंज में भर्ती कराया गया था। लेकिन उसी दिन वहां से लाकर नाथनगर में एक क्लिनिक में भर्ती करा दिया गया। गुरुवार की दोपहर उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर राजू के घर के लोग वहां पहुंचे और हिंदू रीति-रिवाज से शव का दाह-संस्कार करने पर अड़ गए। ससुराल पक्ष के लोगों ने शव देने से इन्कार कर दिया और अपने धर्म के अनुसार दफनाने की बात करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्ष में विवाद हो गया।
इसकी सूचना मिलने पर देर शाम नाथनगर इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन और अंचलाधिकारी राजेश कुमार वहां पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ही अपनी बातों पर अड़े रहे। अंत में सामाजिक स्तर पर पंचायत हुई, जिसमें वार्ड संख्या छह के पार्षद पंकज दास, वार्ड सात के नेजाहत अंसारी, वार्ड दो के पार्षद प्रतिनिधि अयाज अली, इंस्पेक्टर, सीओ व अन्य लोगों के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। अंतिम निर्णय मृतक की पत्नी पर छोड़ा गया। पत्नी ने कहा कि अपने धर्म के अनुसार ही पति के शव का अंतिम संस्कार करेगी। इस पर राजू के भाई इंद्र यादव, अजय यादव और बहन शोभा देवी ने हामी भर दी। लेकिन इस शर्त पर कि दोबारा शादी किए बिना रहेगी, तभी संपत्ति में हिस्सेदारी दी जाएगी। इस पर पंचों ने भी हामी भरी और विवाद का निपटारा हो गया। नाथनगर इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। अंतिम संस्कार ससुराल पक्ष द्वारा ही किया जाएगा।