क्या है NRC... क्यों जरूरी है NRC... आएंगी मंत्री और बताएंगी सबको Bhagalpur News
एनआरसी के बारे में लोगों को जानकारी देने केंद्रीय राज्य मंत्री देवश्री चौधरी भागलपुर आ रहीं हैं। वे यहां परिचर्चा करेंगी। परिचर्चा में कई राष्ट्रीय स्तर के वक्ता भी शामिल होंगे।
भागलपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और बढ़ती जनसंख्या विषय पर भागलपुर में परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय नूतनबाड़ी में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की बैठक हुई। बैठक में आरएसएस के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर में आगामी सात जनवरी को राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर यानी एनआरसी और बढ़ती जनसंख्या विषय परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इस परिचर्चा में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देवश्री चौधरी भी आएंगी। देवश्री चौधरी पश्चिम बंगाल के रायगंज संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी की सांसद हैं। वहीं, परिचर्चा में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय महासचिव गोलोक बिहारी राय, राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के सचिव राम निवास कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता प्रसून मोइत्रा भी वक्ता होंगे। परिचर्चा की अध्यक्षता पूर्व प्रति कुलपति प्रो डॉ पवन पोद्दार करेंगे। प्रो डॉ पवन पोद्दार तिमांविवि में पीजी वाणिज्य के एचओडी हैं।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने परिचर्चा कार्यक्रम का संयोजक हरविंद नारायण भारती और सह संयोजक संतोष कुमार व योगेश पांडेय को बनाया। इस अवसर पर विष्णु शर्मा, पवन गुप्त आदि उपस्थित थे।
सभी उपनगरों में समिति बनाई गई
बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरविंद नारायण भारती ने भागलपुर नगर के सभी उपनगरों में इस कार्यक्रम के लिए उपसमिति बनाई। गुरुवार सुबह बरारी, तिलकामांझी, केशवनगर, माधवनगर, विश्वविद्यालय, नाथनगर, चंपानगर, ईश्वरनगर आदि क्षेत्रों में बैठकें हुईं। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं की टोली ने घर—घर जाकर संपर्क कर किया। परिचर्चा में अच्छी उपस्थिति के लिए पर्चे बांटे जा रहे हैं। पर्चे में एनआरसी क्यों जरूरी है और क्या है एनआरसी के बारे में लिखित जानकारी दी गई है। वहीं, बढ़ती जनसंख्या के क्या आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभाव होंगे, इसकी जानकारी पर्चे में है। संपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।
हरविंद नारायण भारती ने बताया कि एनआरसी, सीएए और बढ़ती जनसंख्या के बारे में देश में कई भ्रामक और गलत जानकारी दी जा रही है। एनआरसी और सीएए देशहित में है। जबकि जनसंख्या वृद्धि भारत के विकास में बाधक है।